Breaking News

यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: 12 बसों की टक्कर के बाद लगी आग, 8 बसें जलकर राख; 13 की दर्दनाक मौत, 100 से अधिक घायल

Published on: December 17, 2025
yamuna-expressway-massive-accident-12-buses-fire-13-dead

जागृत भारत | यमुना एक्सप्रेसवे(मथुरा): उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। घने कोहरे के बीच हुए इस हादसे में एक-दो नहीं बल्कि कुल 12 बसें आपस में टकराईं, जिनमें से आठ बसें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। इस भयावह दुर्घटना में 13 यात्रियों की मौत हो गई, जिनमें से अधिकांश जिंदा जल गए, जबकि 100 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।

बलदेव के पास माइलस्टोन 127 पर हुआ हादसा

यह हादसा मंगलवार तड़के करीब 3:45 बजे यमुना एक्सप्रेस-वे पर बलदेव थाना क्षेत्र स्थित माइलस्टोन 127 के पास हुआ। हादसे में सात डबल डेकर बसें, एक रोडवेज बस और तीन कारें शामिल थीं। टक्कर के तुरंत बाद बसों में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।


घने कोहरे के कारण शून्य थी दृश्यता

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त एक्सप्रेस-वे पर घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता लगभग शून्य थी। इसी दौरान एक के बाद एक बसें आपस में टकराती चली गईं। पहले रोडवेज बस और सात डबल डेकर बसों की टक्कर हुई, फिर पीछे से आ रही तीन कारें भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में जा घुसीं।


बसों में मची अफरा-तफरी, शीशे तोड़कर कूदे यात्री

टक्कर के बाद बसों में चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए यात्री बसों की खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर कूदने लगे। इसी बीच बसों से आग की लपटें उठने लगीं। जो लोग घायलों को बाहर निकाल रहे थे, वे भी आग फैलने पर जान बचाकर पीछे हट गए। कुछ ही मिनटों में आठ बसें और कारें आग की चपेट में आ गईं


15 दमकलों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मथुरा, हाथरस और आगरा से कुल 15 दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक कई बसें पूरी तरह जल चुकी थीं और उनमें फंसे यात्री कोयले सरीखे बदल चुके थे


13 यात्रियों की मौत, डीएनए टेस्ट से होगी शिनाख्त

इस हादसे में 13 यात्रियों की मौत की पुष्टि की गई है। कई शव बुरी तरह जल जाने के कारण पहचान संभव नहीं हो पाई, ऐसे में मृतकों की शिनाख्त के लिए डीएनए टेस्ट कराए जाएंगे। देर रात तक शवों की पहचान कराने का प्रयास जारी रहा।


शाम तक तीन मृतकों की हुई पहचान

मंगलवार शाम तक केवल तीन मृतकों की पहचान हो सकी थी—

  • रामपाल (75 वर्ष), निवासी आजमगढ़

  • अखिलेंद्र प्रताप यादव (44 वर्ष), निवासी नहाटी प्रयागराज, भाजपा नेता एवं रेलवे बोर्ड के सदस्य

  • सुल्तान अहमद (79 वर्ष), निवासी मसकनवा, गोंडा


100 से ज्यादा घायल, मथुरा-वृंदावन-आगरा के अस्पतालों में भर्ती

हादसे में घायल 100 से अधिक यात्रियों को एंबुलेंस और पुलिस वाहनों की मदद से मथुरा, वृंदावन और आगरा के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।


कहां से कहां जा रही थीं बसें

हादसे में शामिल निजी बसें गोंडा, जालौन, कानपुर, जौनपुर, हमीरपुर, बहराइच और प्रयागराज से दिल्ली और नोएडा जा रही थीं। वहीं रोडवेज बस आंबेडकर नगर डिपो की थी, जो आंबेडकर नगर से दिल्ली जा रही थी।


मुख्यमंत्री योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए मुआवजे की घोषणा की है—

  • मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये

  • घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।


मौके पर पहुंचे आला अधिकारी

हादसे के बाद एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, डीआईजी शैलेश पांडेय, डीएम चंद्रप्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने घटनास्थल और अस्पतालों का निरीक्षण किया और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया।


जांच कमेटी गठित, दो दिन में सौंपेगी रिपोर्ट

जिलाधिकारी सीपी सिंह ने हादसे की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय कमेटी गठित की है। इस कमेटी में—

  • एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार

  • एसपी ग्रामीण सुरेशचंद्र रावत

  • पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अजय सिंह

  • एआरटीओ राजेश राजपूत

शामिल हैं। कमेटी दो दिनों के भीतर हादसे के कारणों और रोकथाम के उपायों पर रिपोर्ट सौंपेगी

यूपी में घना कोहरा बना आफत: डीएमई और EPE पर 37 से ज्यादा वाहन टकराए, हापुड़-गाजियाबाद हाईवे पर भीषण हादसे, 25 से अधिक घायल

Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!