जागृत भारत,अयोध्या : उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने एक बार फिर लोकसभा चुनाव लड़कर संसद पहुंचने की इच्छा जताई है। अयोध्या में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वह संसद से बेइज्जत होकर बाहर गए थे और अब जनता उन्हें दोबारा संसद भेजेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो वह केवल एक दिन के लिए ही सही, लेकिन संसद जरूर जाएंगे। बृजभूषण शरण सिंह का यह बयान ऐसे समय आया है जब 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने कैसरगंज से उनका टिकट काटकर उनके बेटे करण भूषण सिंह को उम्मीदवार बनाया था। करण भूषण सिंह चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे।
‘बेइज्जत होकर बाहर गया था, संसद जरूर जाऊंगा’
पूर्व सांसद ने कहा कि जब उनके खिलाफ आरोप लगाए गए थे, तब कई लोगों ने उनसे दूरी बना ली थी। उनका दावा है कि अब वे आरोप गलत साबित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह जनता के बीच हैं और उन्हें भरोसा है कि जनता एक बार फिर उन्हें संसद तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि संसद से जिस तरह उन्हें बाहर जाना पड़ा, उसका दर्द अभी भी उनके मन में है। इसी वजह से उन्होंने दोबारा संसद जाने की इच्छा जताई। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह किस चुनाव में और किस सीट से चुनाव लड़ेंगे।
दिल्ली जाने का भी किया जिक्र
बृजभूषण शरण सिंह ने अपने दिल्ली दौरे का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वह 6 अगस्त को दिल्ली से लौटे थे और इसके बाद वहां नहीं गए। अब उनका दोबारा दिल्ली जाने और वहां का माहौल देखने का मन है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में फिलहाल एक ही मुद्दे की चर्चा हो रही है, इसलिए वह कुछ समय के लिए दिल्ली का माहौल भी देखना चाहते हैं।
सीएम योगी को लेकर खुलकर बोले बृजभूषण
पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यदि योगी आदित्यनाथ सही दिशा में काम नहीं कर रहे होते तो लगातार दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनते। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ चुनाव लड़कर राजनीति में आए हैं। उनके मुताबिक, पहली बार भले ही चुनाव में पार्टी का चेहरा प्रमुख रहा हो, लेकिन दूसरी बार योगी की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही। ऐसे में उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
2027 में योगी के चेहरे पर चुनाव का दावा
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने दावा किया कि भाजपा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर ही चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार के काम दिखाई दे रहे हैं और योगी आदित्यनाथ का नेतृत्व महत्वपूर्ण है।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
बृजभूषण शरण सिंह ने विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने जंतर-मंतर से जुड़े आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष पिछले कई वर्षों में अपने दम पर कोई बड़ा आंदोलन खड़ा नहीं कर पाया है।
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर देश में समस्याएं हैं तो विपक्ष अपने नेतृत्व में बड़ा आंदोलन क्यों नहीं करता? उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को खुद और अपने कार्यकर्ताओं पर भरोसा नहीं है। इसी वजह से वह दूसरों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति करने की कोशिश करता है। पूर्व सांसद ने कहा कि राजनीतिक परिस्थितियां लगातार बदलती रहती हैं और आने वाले समय में जनता का रुख महत्वपूर्ण होगा।
इसे भी पढ़ें : गोरखपुर में CM योगी ने निकाली तिरंगा यात्रा, बोले- क्रांतिकारियों का सम्मान करना हर नागरिक का दायित्व
➤ You May Also Like





Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































