Breaking News

रोजगार दिलाने में लापरवाही पर सख्त डीएम: सलेमपुर आईटीआई प्रधानाचार्य का एक माह का वेतन रोका, 60% प्लेसमेंट का लक्ष्य तय

Published on: July 5, 2026
Negligence in providing employment

जागृत भारत,देवरिया : रोजगार उपलब्ध कराने में धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को आईटीआई एवं कौशल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में रोजगार मेले आयोजित न करने और छात्रों को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध न कराने पर राजकीय आईटीआई सलेमपुर के प्रधानाचार्य का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने जिले के सभी आईटीआई प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि प्रत्येक ट्रेड में कम से कम 60 प्रतिशत छात्रों का प्लेसमेंट सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्य पूरा होने के बाद ही संबंधित अधिकारियों का वेतन आहरित किया जाएगा।

11 अगस्त को लगेगा वृहद रोजगार मेला

डीएम ने 11 अगस्त को जिले में एक वृहद रोजगार मेले के आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और अधिक से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।

अप्रेंटिसशिप और कौशल प्रशिक्षण पर जोर

बैठक में जिलाधिकारी ने आईटीआई उत्तीर्ण छात्रों को अधिक से अधिक अप्रेंटिसशिप से जोड़ने, सेवायोजन विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा अभ्युदय कोचिंग के माध्यम से यूट्यूब लाइव सत्र आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रशिक्षण उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप होना चाहिए।

हर आईटीआई में बनेगा प्लेसमेंट सेल

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी राजकीय आईटीआई संस्थानों में प्लेसमेंट सेल स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रत्येक संस्थान में तीन सदस्यीय समिति गठित कर छात्रों को रोजगार मेलों, साक्षात्कार और करियर मार्गदर्शन के लिए प्रशिक्षित करने पर बल दिया, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि कौशल विकास योजनाओं का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


इसे भी पढ़ें : पाकिस्तान के एयरस्ट्राइक पर तालिबान की चेतावनी, कहा- जवाब देने का अधिकार सुरक्षित


Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!