Breaking News

नौसढ़ से ट्रांसपोर्ट नगर तक घंटों जाम: पुलिया की खुदाई ने रोकी गोरखपुर की रफ्तार

Published on: November 3, 2025
jam-for-hours-from-nausadh-to-transport-nagar

जागृत भारत | गोरखपुर(Gorakhpur): सोमवार सुबह से ही शहरवासी भीषण जाम में फंसे रहे। नौसढ़ से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर तक गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। बस, बाइक, ई-रिक्शा और टेंपो सभी एक ही रफ्तार में रेंगते नजर आए। लोग 3 से 4 घंटे तक जाम में फंसे रहे।

दरअसल, नौसढ़ के पास सड़क के एक लेन पर नाला निर्माण और पुलिया खुदाई का कार्य चल रहा है। पीडब्ल्यूडी द्वारा बिना पूर्व तैयारी किए शुरू किए गए इस काम ने पूरे इलाके की यातायात व्यवस्था ठप कर दी। सड़क का एक हिस्सा खुदाई के कारण बाधित हो गया, जिससे वाहन दोनों ओर फंस गए।

जाम से परेशान लोगों ने अपनी गाड़ियां सड़क किनारे छोड़कर पैदल चलना शुरू कर दिया। देखते ही देखते पैदल यात्रियों की भी भीड़ लग गई और चौराहे पर अफरातफरी का माहौल बन गया।


 पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से बढ़ी मुसीबत

सुबह करीब 8 बजे नौसढ़ चौराहे पर पुलिया की खुदाई शुरू होते ही ट्रैफिक रुक गया। शुरुआत में जाम सिर्फ नौसढ़ क्षेत्र तक सीमित था, लेकिन थोड़ी देर में इसका असर रुस्तमपुर, टीपी नगर, राजघाट पुल और हाबर्ट बांध तक फैल गया।

लखनऊ और वाराणसी फोरलेन को शहर से जोड़ने वाले इस प्रमुख मार्ग के ठप होने से चारों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। खुदाई से निकली मिट्टी और जमा पानी ने सड़क को और संकरा बना दिया, जिससे वाहनों की रफ्तार रेंगने लगी।


 यात्रियों और छात्रों को भारी दिक्कत

ऑफिस और स्कूल-टाइम के दौरान जाम ने लोगों की परेशानी दोगुनी कर दी। कॉलेज छात्रों और कामकाजी लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से कई गुना ज्यादा समय लगा।
गीडा से आने वाले छात्र ने बताया— “सिर्फ नौसढ़ पार करने में दो घंटे लग गए, जाम खत्म होने का नाम नहीं ले रहा।”
एक अन्य महिला यात्री ने कहा— “खलीलाबाद जाने के लिए निकली थी, लेकिन लंबा जाम देखकर वापस लौटना पड़ा।”


 पुलिस ने संभाली मोर्चा

जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गोरखपुर पुलिस ने अतिरिक्त ट्रैफिक टीमें तैनात कीं। पुलिसकर्मी लगातार वाहनों को व्यवस्थित करने और वैकल्पिक रास्तों पर डायवर्ट करने की कोशिश करते रहे।

एसपी ट्रैफिक राजकुमार पांडेय ने बताया कि— “सुबह से ही पूरी टीम नौसढ़ में तैनात थी। पीडब्ल्यूडी द्वारा हाइवे लेन की खुदाई से थोड़ी समस्या आई थी, जिसे दोपहर 1 बजे तक नियंत्रित कर लिया गया।”

फिलहाल प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम जाम को स्थायी रूप से खत्म करने और सड़क की मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने के प्रयास में जुटी है।

रवि किशन को मिला दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड, प्रशंसकों में खुशी की लहर


Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Read Also

Leave a Reply

error: Content is protected !!