जागृत भारत,काठमांडू : भारत से नेपाल जाने वाले यात्रियों के लिए सीमा पर आवाजाही को लेकर महत्वपूर्ण बदलाव सामने आया है। अब केवल आधार कार्ड लेकर नेपाल पहुंचने वाले भारतीय नागरिकों को सीमा पार करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। अधिकारियों को यात्रियों के दस्तावेजों की सख्ती से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को सीमा पर केवल आधार कार्ड लेकर पहुंचे कुछ भारतीय नागरिकों को वापस लौटा दिया गया। ऐसे में नेपाल की यात्रा करने वाले भारतीयों को अपने साथ मान्य यात्रा दस्तावेज रखना जरूरी होगा।
नेपाल जाने के लिए कौन से दस्तावेज जरूरी?
भारतीय नागरिकों को नेपाल में प्रवेश के लिए फोटोयुक्त भारतीय निर्वाचन आयोग का मतदाता पहचान पत्र, वैध पासपोर्ट या भारतीय दूतावास द्वारा जारी वैध प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल सरकार ने आधार कार्ड को यात्रा दस्तावेज के तौर पर स्वीकार नहीं करने का फैसला किया है।
भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ी निगरानी
भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से खुली सीमा व्यवस्था रही है और दोनों देशों के नागरिक बिना वीजा के एक-दूसरे के यहां आवाजाही करते रहे हैं। हालांकि, हाल के दिनों में सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते सीमा पर जांच बढ़ाई गई है। सुरक्षा एजेंसियों की ओर से सीमा पर तैनात अधिकारियों को यात्रियों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आने-जाने वाले लोगों से अपील की जा रही है कि वे यात्रा के दौरान मान्य पहचान दस्तावेज अपने साथ रखें।
सीमा क्षेत्र में बढ़ाई गई गश्त
नेपाल में सुरक्षा से जुड़े हालिया घटनाक्रमों के बीच सीमा क्षेत्रों में निगरानी और गश्त भी बढ़ाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए नेपाल जाने से पहले आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर लेनी चाहिए।
हालांकि, नाबालिग बच्चों को कुछ मामलों में छूट दी गई है। यदि बच्चा वैध दस्तावेज रखने वाले माता-पिता के साथ यात्रा कर रहा है, तो उसके स्कूल आईडी कार्ड और आधार को पहचान के तौर पर स्वीकार किए जाने की बात कही गई है।
पहले भी सख्त किए जा चुके हैं नियम
नेपाल ने हाल के महीनों में भारत से लगी सीमा पर पहचान संबंधी जांच को सख्त किया है। इसी वर्ष मई में भी भारतीय नागरिकों के लिए पहचान पत्र दिखाने को अनिवार्य किए जाने की खबर सामने आई थी। नेपाल के सीमावर्ती अधिकारियों ने उस समय इसे सुरक्षा से जुड़ा फैसला बताया था।
ऐसे में नेपाल की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए सलाह है कि सिर्फ आधार कार्ड पर निर्भर न रहें और अपने साथ वैध मतदाता पहचान पत्र या पासपोर्ट जैसे स्वीकार्य दस्तावेज जरूर रखें।
➤ You May Also Like





Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































