Breaking News

बाराबंकी हादसा: परिवार की खुशियां मातम में बदलीं, कार-ट्रक टक्कर में छह की मौके पर मौत

Published on: November 4, 2025
barabanki-accident-sarrafa-family-six-dead

जागृत भारत | बाराबंकी(Barabanki) : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। देवा-फतेहपुर मार्ग पर कल्याणी नदी पुल के पास कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में एक ही परिवार के छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और शवों को बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सूचना पर डीएम शशांक त्रिपाठी और एसपी अर्पित विजयवर्गीय तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि मृतक फतेहपुर कस्बे के रस्तोगी परिवार से संबंध रखते थे।

❱ कैसे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे बाराबंकी से फतेहपुर की ओर जा रही बिना नंबर की नई अर्टिगा कार और सामने से आ रहे ट्रक की कल्याणी नदी पुल के पास जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर ही छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।

❱ मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान फतेहपुर कस्बे के व्यापारी प्रदीप रस्तोगी, उनकी पत्नी माधुरी रस्तोगी, बेटा नितिन रस्तोगी (30), बेटा नैमिष (20), चालक श्रीकांत शुक्ला और दादनपुर निवासी इंद्र कुमार मिश्रा के रूप में हुई है।
घायल किशोर कृष्णा (14) और दादनपुर के महेंद्र कुमार का इलाज लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

❱ परिवार में पसरा मातम

परिवार के सदस्य संजीत रस्तोगी ने बताया कि प्रदीप रस्तोगी फतेहपुर कस्बे के प्रमुख सर्राफा व्यवसायी थे और “भूषण भंडार” नाम से उनकी दुकान थी। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

❱ ट्रक चालक फरार

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि हादसा तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के कारण हुआ। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।

❱ प्रशासन का बयान

देवा सीएचसी के चिकित्सक डॉ. राधेश्याम गोंड ने बताया कि मृतक सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। छह लोगों की मौके पर मौत हो चुकी है, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

नौसढ़ से ट्रांसपोर्ट नगर तक घंटों जाम: पुलिया की खुदाई ने रोकी गोरखपुर की रफ्तार

Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

1 thought on “बाराबंकी हादसा: परिवार की खुशियां मातम में बदलीं, कार-ट्रक टक्कर में छह की मौके पर मौत”

Leave a Reply

error: Content is protected !!