Breaking News

यमुना एक्सप्रेसवे हादसा अपडेट : ‘आंखों के सामने जिंदा जली मां’, DNA मैच न होने से टूटे हमीरपुर के परिजन; अब कैसे मानें कि बस में नहीं थीं पार्वती

Published on: January 3, 2026
yamuna-expressway-accident-parvati-bholu-dna-mismatch-investigation

जागृत भारत | मथुरा(Mathura): यमुना एक्सप्रेसवे पर 16 दिसंबर 2025 को हुए भीषण सड़क हादसे के बाद जहां 18 मृतकों की पहचान डीएनए जांच के जरिए हो चुकी है, वहीं हमीरपुर की पार्वती देवी और धौलपुर के भोलू का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। डीएनए जांच में दोनों का किसी भी शव से मिलान न होने से परिजन सदमे और असमंजस में हैं।

बच्चों का दावा: आंखों के सामने बस में जिंदा जल गई मां

पार्वती देवी के बच्चों का दावा है कि हादसे के बाद जब बस में आग लगी, तब उन्होंने अपनी मां को आग की लपटों में घिरते हुए देखा था। बच्चों के अनुसार, पार्वती ने उनसे पहले बस से उतरने को कहा और खुद उतरने की कोशिश की, लेकिन आग की चपेट में आ गईं। बच्चे बाहर खड़े होकर मां को बचाने के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन कुछ कर नहीं सके।

डीएनए रिपोर्ट ने बढ़ाया सवाल, परिजन सदमे में

हादसे में जली आठ बसों से कुल 18 शव बरामद हुए थे। चार शवों की पहचान उसी दिन हो गई थी, जबकि 14 शवों की पहचान डीएनए जांच के जरिए की गई। बावजूद इसके पार्वती देवी और भोलू का डीएनए किसी भी शव से मेल नहीं खा सका। इस रिपोर्ट के बाद परिजन यह मानने को तैयार नहीं हैं कि वे बस में नहीं थे।

नोएडा जाने के लिए बस में सवार थीं पार्वती

हादसे के समय पार्वती देवी अपने परिजनों प्राची और सनी के साथ नोएडा जाने के लिए बस में सवार थीं। प्राची का कहना है कि वह अपनी आंखों से मां को आग में घिरते देख चुकी है, ऐसे में यह मान पाना नामुमकिन है कि बस में मां का शव नहीं मिला।

भोलू के परिजन भी बेहाल, उठ रहे कई सवाल

धौलपुर निवासी भोलू के परिजन भी इसी तरह टूट चुके हैं। बहन सितारा और बेटी रेशमा का कहना है कि भोलू बस में सवार थे, फिर वे अचानक कहां चले गए? परिजन हादसे में ही उनकी मौत का दावा कर रहे हैं।

पांच सदस्यीय कमेटी कर रही हर पहलू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सीपी सिंह ने डिप्टी कलेक्टर आदेश कुमार, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी, सीओ महावन, सीएमओ और एआरटीओ प्रवर्तन की पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। यह टीम दोनों के गांव, यात्रा मार्ग और बस तक पहुंचने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।

हमीरपुर पहुंचकर की गई पूछताछ

जांच टीम ने दो दिन पहले हमीरपुर पहुंचकर उस रिक्शा चालक अमरजू से पूछताछ की, जो पार्वती को घर से बस स्टैंड तक लेकर गया था। इसके अलावा पार्वती के भतीजे जयपाल से भी पूछताछ की गई कि उन्हें किस समय और किस बस में बैठाया गया था। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यूपी मौसम अपडेट : पछुआ की वापसी से कांपा उत्तर प्रदेश, तापमान में तेज गिरावट; 34 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट

Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

1 thought on “यमुना एक्सप्रेसवे हादसा अपडेट : ‘आंखों के सामने जिंदा जली मां’, DNA मैच न होने से टूटे हमीरपुर के परिजन; अब कैसे मानें कि बस में नहीं थीं पार्वती”

Leave a Reply

error: Content is protected !!