यात्रियों पर जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप
अंकित के मुताबिक, सोमवार सुबह उन्होंने चार यात्रियों को उतरठिया रेलवे स्टेशन से चारबाग रेलवे स्टेशन ले जाने के लिए कैब में बैठाया था। यात्रा के दौरान यात्री कथित तौर पर एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे और उनकी जाति को लेकर टिप्पणी कर रहे थे।
ड्राइवर का आरोप है कि जब यात्रियों ने बार-बार जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और अधिकारी की योग्यता को उनकी जाति से जोड़ना शुरू किया, तो उन्होंने इसका विरोध किया। उन्होंने यात्रियों से ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करने और अपनी बात वापस लेने को कहा।
तेलीबाग के पास यात्रियों को कैब से उतारा
अंकित के अनुसार, विवाद बढ़ने पर उन्होंने तेलीबाग बाजार के पास कैब रोक दी और चारों यात्रियों को गाड़ी से उतरने के लिए कहा। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें ड्राइवर और यात्रियों के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। ड्राइवर ने आरोप लगाया कि यात्रियों के उतरने के बाद भी विवाद जारी रहा और उनके साथ बदसलूकी की गई। घटना पुलिस चौकी के पास होने के कारण वहां स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सोशल मीडिया पर धमकियां मिलने का दावा
अंकित ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर गाली-गलौज और धमकी भरे संदेश मिल रहे हैं। उनका कहना है कि यात्रियों की शिकायत के बाद कंपनी ने उनका अकाउंट सस्पेंड कर दिया, जबकि घटना को लेकर उनसे उनका पक्ष नहीं पूछा गया।
99 साल 11 महीने का सस्पेंशन
ड्राइवर के मुताबिक, कंपनी के ऐप पर उनके अकाउंट पर 99 साल 11 महीने का सस्पेंशन दिखाई दे रहा है। उनका दावा है कि वह परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य हैं और इस कार्रवाई से उनकी रोजी-रोटी पर गंभीर असर पड़ा है। फिलहाल, राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पूरे घटनाक्रम में यात्रियों और ड्राइवर की ओर से किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।