Breaking News

गोपालगंज: थावे भवानी मंदिर चोरी कांड का खुलासा, मास्टरमाइंड गिरफ्तार, करोड़ों के आभूषण बरामदगी की तलाश जारी

Published on: December 23, 2025
thawe-bhawani-temple-theft-1-08-crore-mastermind-arrested

जागृत भारत | गोपालगंज जिले के प्रसिद्ध थावे भवानी मंदिर में हुई करीब 1.08 करोड़ रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चोरी के मास्टरमाइंड दीपक राय को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके एक अन्य साथी की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले का रहने वाला है।

मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि मंदिर चोरी की इस बड़ी वारदात को पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया था। चोरी से पहले आरोपियों ने चोरी से जुड़ी कई फिल्में देखीं और गूगल व यूट्यूब के जरिए थावे मंदिर की पूरी जानकारी जुटाई। इसी दौरान उन्हें मां दुर्गा के आभूषणों और मंदिर की संरचना की विस्तृत जानकारी मिली।

thawe-bhawani-temple-theft-1-08-crore-
 

ऐसे रची गई चोरी की साजिश

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कई दिनों तक थावे मंदिर से जुड़ी जानकारियां ऑनलाइन सर्च कीं। इसके बाद 17 दिसंबर की रात उन्होंने मंदिर में चोरी को अंजाम दिया। चोर गर्भगृह में घुसे और मां दुर्गा की प्रतिमा से सोने-चांदी के हार, लॉकर में रखा मुकुट सहित अन्य बहुमूल्य आभूषण चुरा लिए। इसके अलावा करीब 50 किलो वजनी दानपेटी भी मंदिर परिसर से उठा ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 1.08 करोड़ रुपये आंकी गई है।

5 दिन तक चली छापेमारी, गाजीपुर से गिरफ्तारी

एसपी ने बताया कि इस मामले के खुलासे के लिए 12 विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थीं। पुलिस ने बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश में लगातार पांच दिनों तक छापेमारी की। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सर्विलांस के आधार पर पुलिस उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के जमुनिया थाना क्षेत्र तक पहुंची।

वहीं से देवानंद राय के पुत्र दीपक राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर दीपक ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।

पेशेवर मंदिर चोर है आरोपी

जांच में सामने आया कि दीपक राय एक पेशेवर मंदिर चोर है। उसके आपराधिक इतिहास से पता चला कि वह पहले भी कई मंदिरों में चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। मार्च 2025 में उसने मध्यप्रदेश के महू जिले के शीतला माता मंदिर में चोरी की थी, जिसके बाद वह जेल गया था। 13 नवंबर 2025 को जेल से रिहा होने के बाद उसने फिर से मंदिरों की रेकी शुरू कर दी।

जेल से छूटते ही शुरू की रेकी

एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि जेल से बाहर आते ही दीपक ने गोपालगंज के थावे मंदिर और पुणे के एक बड़े मंदिर की रेकी शुरू कर दी थी। उसने मोबाइल फोन के जरिए मंदिर का स्ट्रक्चर, गर्भगृह तक पहुंचने के रास्ते, मां दुर्गा के मुकुट और आभूषणों की पूरी जानकारी हासिल की।

दीपक ने 10 और 11 दिसंबर की रात थावे मंदिर आकर खुद रेकी की थी। उसने तय कर लिया था कि मंदिर में कहां से प्रवेश करना है, गर्भगृह तक कैसे पहुंचना है और चोरी के बाद किस रास्ते से सुरक्षित निकलना है।

रस्सी के सहारे मंदिर में घुसे चोर

पुलिस के मुताबिक, मंदिर के पीछे बन रहे एक मकान से रस्सी के सहारे दीपक और उसका साथी मंदिर परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद गर्भगृह तक पहुंचकर उन्होंने आभूषण और दानपेटी चोरी कर ली। वारदात के बाद आरोपी गांव के रास्तों से होते हुए फरार हो गया।

दीपक ने चोरी किए गए आभूषण अपने पास नहीं रखे थे। उसने सभी कीमती गहने अपने साथी को सौंप दिए थे, ताकि गिरफ्तारी की स्थिति में उसके पास से कोई बरामदगी न हो सके। यही कारण है कि फिलहाल आभूषण बरामद नहीं हो सके हैं।

क्या-क्या बरामद हुआ

पुलिस ने दीपक राय के पास से रॉड कटर, चोरी के समय पहने गए कपड़े, मोबाइल फोन (जिसमें थावे मंदिर की पूरी सर्च हिस्ट्री मौजूद है), बाइक और बैग बरामद किया है। मोबाइल जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद भी आरोपी लगातार सोने और आभूषणों की कीमत को लेकर सर्च करता रहा।

चोरी से पहले देखी थीं फिल्में

एसपी ने बताया कि दीपक चोरी से पहले ऐसी फिल्में देखता था, जो चोरी और अपराध से जुड़ी होती थीं। उसने बिहार बेस्ड एक फिल्म भी देखी थी, जिसमें पुलिस द्वारा अपराधियों तक पहुंचने की प्रक्रिया को दिखाया गया था। हालांकि इस पूरे मामले में मंदिर प्रशासन या किसी अन्य की संलिप्तता सामने नहीं आई है।

पुलिस ने दूसरे आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही चोरी किए गए आभूषण भी बरामद कर लिए जाएंगे। वहीं, इस मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

यूपी कैबिनेट का बड़ा फ़ैसला : पूर्वी यूपी को विकास की नई रफ्तार, सात जिलों को मिलाकर बनेगा काशी-विंध्य क्षेत्र


Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!