Breaking News

बांदा में सपा नेताओं के बीच मंच पर तकरार, सांसद कृष्णा पटेल और विधायक विशंभर यादव की बहस का वीडियो वायरल

Published on: June 28, 2026
between SP leaders in Banda
जागृत भारत,बांदा : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में समाजवादी पार्टी की अंदरूनी खींचतान एक बार फिर सार्वजनिक रूप से सामने आ गई। पार्टी कार्यालय में आयोजित छत्रपति शाहूजी महाराज जयंती कार्यक्रम के दौरान सपा सांसद कृष्णा देवी पटेल और बबेरू से विधायक विशंभर सिंह यादव के बीच तीखी बहस हो गई। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान विधायक विशंभर सिंह यादव ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि पार्टी में कुछ लोग राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा से प्रभावित हैं और उनसे सतर्क रहने की जरूरत है।

बताया जा रहा है कि विधायक के इस बयान को सांसद कृष्णा देवी पटेल ने अपनी ओर इशारा मान लिया। उन्होंने विधायक का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उनके खिलाफ होने वाली साजिशों के पीछे विशंभर यादव का हाथ है।

सांसद के आरोपों पर विधायक विशंभर सिंह यादव ने तत्काल आपत्ति जताई और कहा कि जब उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया है तो उन पर इस तरह के आरोप नहीं लगाए जाने चाहिए। उन्होंने सांसद से संयम और मर्यादा के साथ बात करने की बात भी कही। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक तीखी बहस होती रही, जिससे कार्यक्रम का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

स्थिति बिगड़ती देख समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष मधुसूदन कुशवाहा ने बीच-बचाव किया और दोनों नेताओं को शांत कराया। इसके बाद कार्यक्रम की कार्यवाही दोबारा शुरू की गई।

बैठक के दौरान मौजूद एक कार्यकर्ता ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

गौरतलब है कि बांदा में समाजवादी पार्टी लंबे समय से गुटबाजी की समस्या का सामना कर रही है। सांसद और विधायक समर्थक खेमों के बीच मतभेद पहले भी कई बार सामने आ चुके हैं। बताया जाता है कि पार्टी नेतृत्व भी जिले की स्थिति से अवगत है और इसी कारण जिला इकाई लंबे समय से भंग है।


इसे भी पढ़ें : ईरान ने पीएम मोदी को भेजा खास न्योता, खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने का आमंत्रण


Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Read Also

Leave a Reply

error: Content is protected !!