Breaking News

देवरिया में पुलिस-तस्कर मुठभेड़: गोली लगने से पशु तस्कर घायल, गोवंश से भरी पिकअप जब्त; दो फरार

Published on: January 29, 2026
deoria-police-encounter-cattle-smuggler-shot-arrested-pickup-seized

जागृत भारत | देवरिया(Deoria): जिले में गुरुवार तड़के करीब तीन बजे पशु तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। शहर में मजार के समीप हुई इस कार्रवाई के दौरान तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की गोली एक तस्कर के पैर में लगी। घायल तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली तस्करों की सूचना

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विनोद कुमार सिंह गश्त पर निकले थे। इसी दौरान देवरिया-गोरखपुर मार्ग से पशु तस्करों के आने की सूचना मिली, जिसके बाद पुरवा चौराहे के समीप वाहन चेकिंग शुरू की गई। गोरखपुर की ओर से पशु लदा एक वाहन आता दिखा, जिसे पुलिसकर्मियों ने रोकने का प्रयास किया।

पीछा करने पर तस्करों ने की फायरिंग

पुलिस को देखकर तस्कर वाहन लेकर भागने लगे और ओवरब्रिज के दाहिने तरफ सोमनाथ मंदिर के रास्ते मजार के पास पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें घेर लिया। इसी दौरान तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक तस्कर के दाहिने पैर में घुटने के पास लगी, जिससे वह गिर पड़ा और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

घायल तस्कर की पहचान और इलाज

गोली से घायल तस्कर की पहचान 35 वर्षीय किशन यादव के रूप में हुई है, जो गोरखपुर जनपद के भरथरी गांव का रहने वाला है। घायल को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसने अपने दो अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

गोवंश से लदी पिकअप जब्त, एक बछड़े की मौत

पुलिस ने पशु तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप को भी जब्त कर लिया है। वाहन में कुल सात पशु लदे थे, जिनमें तीन गाय और चार बछड़े शामिल थे। इनमें से एक बछड़े की मौत हो गई है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है और फरार तस्करों की तलाश जारी है।

निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री का भावुक संदेश: ‘अनऑफिसियल जिलाबदर… जल्दी मिलेंगे’, समर्थकों में हलचल

Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!