Breaking News

यूपी के फिरोजाबाद में जमीन विवाद ने लिया खूनी मोड़, ताबड़तोड़ फायरिंग में किसान की मौत; पांच लोग घायल

Published on: December 30, 2025
up-firozabad-shikohabad-land-dispute-firing-farmer-death

जागृत भारत | फिरोजाबाद(Firozabad): उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में सोमवार रात जमीन विवाद ने हिंसक और जानलेवा रूप ले लिया। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के गांव नंदराम की मढैया में पांच बीघा कृषि भूमि को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से चली आ रही रंजिश सोमवार रात खूनी संघर्ष में बदल गई। इस दौरान एक पक्ष ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें खेत से लौट रहे किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आए परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।


खेत से घर लौटते समय किसान को घेरकर बरसाईं गोलियां

घटना सोमवार रात करीब नौ बजे की है। गांव निवासी किसान सत्यभान (45) दिनभर खेत में काम करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के ही दूसरे पक्ष के लोगों से पांच बीघा जमीन को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद कुछ ही पलों में बढ़ गया और आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने सत्यभान को चारों ओर से घेर लिया और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही सत्यभान जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।


बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों पर भी हमला

गोली चलने की आवाज सुनकर जब सत्यभान के परिजन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में सत्यभान के बेटे गुलशन, शिवम और लवकुश, भाई राजपाल, भतीजा शिव कुमार और पत्नी राधा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को नसीरपुर थाना पुलिस की मदद से संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।


पत्नी राधा बोलीं – संभलने तक का मौका भी नहीं दिया

मृतक की पत्नी राधा का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि सत्यभान रोज की तरह खेत से लौट रहे थे और उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। राधा ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके पति को संभलने तक का मौका नहीं दिया और सीधे गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई।


घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल

घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। देर रात तक परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करते रहे। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। तनाव को देखते हुए पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।


पुलिस जांच में जुटी, हथियार की वैधता भी खंगाली जा रही

सूचना मिलते ही नसीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेज दिया गया है। सीओ सिरसागंज अनीवेश सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या अवैध।

जिंदा मां को कागज़ों में ‘मृत’ दिखाकर लाखों की जमीन बेच दी: हाजीपुर में कलयुगी बेटे की शर्मनाक करतूत, 4 गिरफ्तार

Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!