Breaking News

पंकज चौधरी होंगे यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष, आखिरी तीन दिन में ली बढ़त; निर्विरोध निर्वाचन तय, आज होगी घोषणा

Published on: December 14, 2025
up-bjp-new-president-pankaj-chaudhary-unopposed-election

जागृत भारत | लखनऊ(Lucknow): उत्तर प्रदेश भाजपा को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है। महराजगंज से सात बार के सांसद और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी का प्रदेश अध्यक्ष बनना तय हो गया है। शनिवार को उन्होंने भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में नामांकन दाखिल किया। चूंकि उनके अलावा किसी अन्य नेता ने नामांकन नहीं किया है, इसलिए उनका निर्वाचन निर्विरोध माना जा रहा है। औपचारिक घोषणा रविवार को लखनऊ में आयोजित मेगा कार्यक्रम में की जाएगी।

नामांकन के साथ ही तस्वीर साफ

पंकज चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय पर्यवेक्षक विनोद तावड़े और मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कोई दूसरा नामांकन न होने के कारण उनका चुना जाना तय है। रविवार को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में औपचारिक एलान किया जाएगा।

दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में हुआ नामांकन

नामांकन के दौरान प्रदेश भाजपा मुख्यालय में भारी गहमागहमी देखने को मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, मंत्री सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, दारा सिंह चौहान, एके शर्मा, असीम अरुण और केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान ने पंकज चौधरी के नाम का प्रस्ताव किया। लखनऊ पहुंचने पर एयरपोर्ट से लेकर पार्टी कार्यालय तक समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

आखिरी समय तक बना रहा सस्पेंस

प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर शनिवार दोपहर तक सस्पेंस बना रहा। सुबह 11 बजे पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के पार्टी कार्यालय पहुंचने से अटकलें तेज हो गई थीं। इसके अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत कई नाम चर्चा में रहे। हालांकि जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने संकेत देते हुए कहा था कि नए अध्यक्ष सात बार सांसद रहे हैं और संगठन में अहम भूमिका निभा चुके हैं, जिससे तस्वीर लगभग साफ हो गई थी।

कुर्मी बिरादरी से चौथे प्रदेश अध्यक्ष

पंकज चौधरी प्रदेश भाजपा के 17वें अध्यक्ष होंगे और कुर्मी बिरादरी से आने वाले चौथे नेता हैं, जो इस पद तक पहुंचे हैं। उनसे पहले विनय कटियार, ओम प्रकाश सिंह और स्वतंत्र देव सिंह प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।

तीन दिन में बदला समीकरण

प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में पंकज चौधरी का नाम पहले भी सामने आया था, लेकिन शुरुआत में इसे यह कहकर खारिज किया जा रहा था कि मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष एक ही क्षेत्र से नहीं हो सकते। हालांकि बीते तीन दिनों में समीकरण तेजी से बदले और शुक्रवार तक उनका नाम सबसे आगे निकल आया। नामांकन दाखिल होने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई।

सुबह से ही पार्टी कार्यालय में हलचल

शनिवार को सुबह 11 बजे से ही भाजपा मुख्यालय में चहल-पहल शुरू हो गई थी। समर्थकों का जुटना शुरू हो गया था। नामांकन की तैयारियों की जिम्मेदारी संभाल रहे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचते ही नामांकन की प्रक्रिया पूरी कराई गई।

पूर्वांचल का बढ़ा सियासी कद

केंद्रीय राजनीति से प्रदेश संगठन की कमान संभालने जा रहे पंकज चौधरी के अध्यक्ष बनने से भाजपा में पूर्वांचल का प्रभाव और मजबूत हुआ है। खासकर गोरखपुर क्षेत्र सत्ता और संगठन दोनों का केंद्र बनकर उभरा है। एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की कमान संभाले हैं, तो दूसरी ओर पंकज चौधरी के हाथों में अब पार्टी संगठन की जिम्मेदारी आने जा रही है।

बाबतपुर। वाराणसी : बच्चे के कान में दर्द होने पर रनवे से लौटा एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान, वाराणसी–दिल्ली फ्लाइट एक घंटे बाद रवाना

Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Read Also

sanitation workers in Deoria

देवरिया में सफाई कर्मियों पर सख्ती: अब गूगल लाइव लोकेशन से होगी निगरानी, ड्यूटी से गायब मिले तो कार्रवाई

Student at Meerut Agricultural University

मेरठ कृषि विश्वविद्यालय में छात्रा ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग, परीक्षा विवाद का लगाया आरोप; जांच समिति गठित

Raghav Chadha raised the issue in the Rajya Sabha.

राज्यसभा में राघव चड्ढा ने उठाया ‘रेफरल कमीशन’ का मुद्दा, बोले- मरीजों की जेब पर पड़ रहा है कट मनी सिस्टम का बोझ

Bangladesh Army Chief Mohammad

बांग्लादेश: सेना प्रमुख मोहम्मद यूनुस को अंतरिम सरकार का प्रमुख बनाने के खिलाफ थे, पूर्व कानून सलाहकार का दावा

Spreading rapidly in the US

अमेरिका में तेजी से फैल रहा खतरनाक फंगस ‘कैंडिडा ऑरिस’, 27 राज्यों में मिले हजारों मामले; CDC ने जताई चिंता

Be it Jharkhand or Delhi

झारखंड हो या दिल्ली, हर जगह छात्रों के साथ कांग्रेस’, खरगे बोले- अमित शाह संसद में दें जवाब

Leave a Reply

error: Content is protected !!