जागृत भारत,गाजियाबाद : संभल की रहने वाली तमन्ना मलिक एक बार फिर चर्चा में हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान बुर्के में कांवड़ उठाने को लेकर सुर्खियों में आईं तमन्ना मलिक ने अब सनातन धर्म अपनाने का दावा किया है। धर्म परिवर्तन के बाद उन्होंने अपना नाम गायत्री त्यागी रख लिया है।
तीन मुस्लिम महिलाओं के सनातन धर्म अपनाने का दावा
गाजियाबाद के डासना स्थित शिवशक्ति धाम में हरिद्वार से कांवड़ लेकर पहुंचीं तीन मुस्लिम महिलाओं ने मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। मंदिर के पीठाधीश्वर यति नरसिंहानंद ने दावा किया कि तीनों महिलाओं ने सनातन धर्म अपना लिया है। इन महिलाओं में संभल की तमन्ना मलिक के अलावा अनीसा बानो और सलीम वास्तिक के नाम बताए गए हैं।
बुर्का छोड़कर सनातन अपनाने का दावा
यति नरसिंहानंद के मुताबिक, तीनों महिलाओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और सनातन धर्म स्वीकार किया। इस दौरान तमन्ना मलिक ने खुद को अब गायत्री त्यागी बताया। तमन्ना अपने हिंदू पति अमन त्यागी के साथ कांवड़ यात्रा पर निकली थीं। उन्होंने कहा कि महादेव के भक्त किसी से नहीं डरते। उन्होंने इस्लाम की कुछ प्रथाओं पर सवाल उठाते हुए सनातन धर्म को महिलाओं के सम्मान से जोड़कर अपनी बात रखी।
अनीसा बानो भी पहले रह चुकी हैं चर्चा में
अनीसा बानो भी इससे पहले तीन तलाक और हलाला जैसे मुद्दों को लेकर चर्चा में रही हैं। उन्होंने डासना मंदिर में जलाभिषेक किया। मंदिर में तीनों महिलाओं की पूजा और जलाभिषेक के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।
यति नरसिंहानंद ने क्या कहा?
यति नरसिंहानंद ने दावा किया कि इन महिलाओं का सनातन धर्म अपनाना एक बड़ा संदेश है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग इस्लाम छोड़ चुके हैं, लेकिन डर के कारण इसकी सार्वजनिक घोषणा नहीं करते। डासना स्थित शिवशक्ति धाम पहले भी कई विवादों को लेकर सुर्खियों में रहा है। मंदिर में मुस्लिमों के प्रवेश और धार्मिक मुद्दों को लेकर यहां कई बार विवाद सामने आ चुके हैं।
हालांकि, महिलाओं के धर्म परिवर्तन से जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में महिलाओं की ओर से दिए गए आधिकारिक बयान और धर्म परिवर्तन की कानूनी प्रक्रिया से संबंधित जानकारी अलग से स्पष्ट होना बाकी है।
इसे भी पढ़ें : PDA को लेकर सपा-बसपा में जुबानी जंग तेज, आकाश आनंद बोले- ‘सपा का असली मतलब पब्लिक डराओ अभियान’
➤ You May Also Like





Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत
Subscribe to get the latest posts sent to your email.





















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































