Breaking News

मरीज को बिना बताए निकाल दी किडनी, पथरी के ऑपरेशन के लिए हुआ था अस्पताल में भर्ती

Published on: January 16, 2026
kidney-removed-without-consent-during-stone-surgery-gorakhpur

जागृत भारत | गोरखपुर(Gorakhpur): किडनी में पथरी के ऑपरेशन के दौरान बिना मरीज की जानकारी और सहमति के दाहिनी किडनी निकाल दिए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। यह खुलासा करीब तीन वर्ष बाद कराई गई जांच रिपोर्ट में हुआ है। पीड़ित ने बड़हलगंज के एक निजी अस्पताल के चिकित्सक पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

अक्टूबर 2022 में निजी अस्पताल में कराया था ऑपरेशन

परतावल क्षेत्र के ग्राम पंचायत अहिरौली निवासी हफीजुर्रहमान ने बताया कि उनकी दाहिनी किडनी में 18 एमएम की पथरी थी। इलाज के लिए उन्होंने 21 अक्टूबर 2022 को बड़हलगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती होकर ऑपरेशन कराया। ऑपरेशन के बाद 27 अक्टूबर 2022 को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

विदेश जाने के बाद बिगड़ती गई तबीयत

ऑपरेशन के करीब दो महीने बाद हफीजुर्रहमान रोजगार के सिलसिले में विदेश चले गए। वहां उनकी तबीयत लगातार खराब रहने लगी। उन्होंने विदेश में भी उपचार कराया, लेकिन स्वास्थ्य में कोई खास सुधार नहीं हुआ।

जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर छह सितंबर 2025 को वह भारत लौटे। डॉक्टर की सलाह पर गोरखपुर के एक डायग्नोस्टिक सेंटर में जांच कराई गई। रिपोर्ट में चौंकाने वाली बात सामने आई कि उनकी दाहिनी किडनी मौजूद ही नहीं है। बाद में कराई गई एमआरआई जांच में भी दाहिनी किडनी न होने की पुष्टि हुई।

पुलिस और सीएमओ के बयान में विरोधाभास

पीड़ित ने बताया कि इस मामले को लेकर 10 जनवरी को बड़हलगंज थाने में तहरीर दी गई है। हालांकि, बड़हलगंज थाना प्रभारी सुनील कुमार राय का कहना है कि डॉक्टर के विरुद्ध किडनी निकाले जाने से संबंधित कोई तहरीर उन्हें प्राप्त नहीं हुई है।

शिकायत मिलने पर होगी जांच: सीएमओ

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने कहा कि इस संबंध में उन्हें अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। यदि शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

पीएमओ–सीएमओ का निर्देश: मणिकर्णिका घाट पर विकास के साथ धरोहरों का संरक्षण अनिवार्य

Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

1 thought on “मरीज को बिना बताए निकाल दी किडनी, पथरी के ऑपरेशन के लिए हुआ था अस्पताल में भर्ती”

Leave a Reply

error: Content is protected !!