Breaking News

गोरखपुर में CM योगी ने निकाली तिरंगा यात्रा, बोले- क्रांतिकारियों का सम्मान करना हर नागरिक का दायित्व

Published on: August 12, 2026
CM Yogi led a procession in Gorakhpur.

जागृत भारत,गोरखपुर : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सोमवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। उनके साथ कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद, स्थानीय सांसद रवि किशन समेत बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। देशभक्ति गीतों से पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।

भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेशभर में 9 से 17 अगस्त तक तिरंगा यात्रा आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में रविवार को लखनऊ में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई थी।

सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर साधा निशाना

तिरंगा यात्रा की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबोधित करते हुए पूर्ववर्ती सरकारों पर स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों को उचित सम्मान नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए नेहरू-गांधी परिवार पर भी निशाना साधा।

सीएम योगी ने कहा कि पहले एक ही परिवार के नाम पर संस्थाओं और योजनाओं के नाम रखे जाते थे, जबकि देश के क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों को वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने कहा कि आज क्रांतिकारियों को सम्मान देने का काम किया जा रहा है और तिरंगा यात्रा देश के अमर बलिदानियों के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

काकोरी कांड का किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ के काकोरी कांड का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई से जुड़ी इस घटना को अंग्रेजों ने ‘डकैती’ बताया था। उन्होंने दावा किया कि लंबे समय तक देश के स्कूलों में भी इसे डकैती के रूप में पढ़ाया जाता रहा।

योगी ने कहा कि क्रांतिकारियों के बलिदान और संघर्ष को इस तरह पेश करना उनका अपमान था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काकोरी की घटना को भारत की आजादी का मंत्र बताया है। उनके मुताबिक, क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों के खजाने को लूटकर उस धन को देश की आजादी के संघर्ष में इस्तेमाल किया था।

बिस्मिल और अशफाक उल्ला खान को किया याद

मुख्यमंत्री ने पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, ठाकुर रोशन सिंह और राजेंद्र सिंह लाहिड़ी समेत अन्य क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि तिरंगे, राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सम्मान करके देश उन अमर बलिदानियों को सच्ची श्रद्धांजलि दे सकता है।

सीएम योगी ने दावा किया कि वर्ष 1947 के बाद लंबे समय तक नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने का अधिकार नहीं था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज संहिता में संशोधन के बाद लोगों के लिए घरों पर तिरंगा फहराने का रास्ता आसान हुआ।

यूपी में 5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश में 5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी संस्थानों के साथ उद्योग एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी तिरंगा फहराया जाएगा।

उन्होंने प्रदेशवासियों से तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। साथ ही लोगों से तिरंगा घर ले जाकर ‘सेल्फी विद तिरंगा’ लेने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और तिरंगे के प्रति सम्मान का भाव हर नागरिक का दायित्व होना चाहिए।


इसे भी पढ़ें : PDA को लेकर सपा-बसपा में जुबानी जंग तेज, आकाश आनंद बोले- ‘सपा का असली मतलब पब्लिक डराओ अभियान’


Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

2 thoughts on “गोरखपुर में CM योगी ने निकाली तिरंगा यात्रा, बोले- क्रांतिकारियों का सम्मान करना हर नागरिक का दायित्व”

Leave a Reply

error: Content is protected !!