जागृत भारत,देवरिया : जिला मुख्यालय से बुधवार को निकाली गई तिरंगा यात्रा के बाद पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज की कई छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच यात्रा में शामिल छात्राओं को चक्कर और कमजोरी की शिकायत हुई। स्थिति बिगड़ने पर कई छात्राओं को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुई थीं। यात्रा के दौरान छात्राओं ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाए। यात्रा रविंद्र किशोर शाही स्टेडियम तक पहुंची।
स्कूल लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत
बताया जा रहा है कि तेज धूप और गर्मी के कारण यात्रा के दौरान ही कुछ छात्राओं को चक्कर आने लगे और कमजोरी महसूस हुई। यात्रा समाप्त होने के बाद जब छात्राएं स्कूल वापस पहुंचीं तो कुछ छात्राएं अचानक जमीन पर गिर गईं। एक साथ कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल छात्राओं को उपचार के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
मेडिकल कॉलेज में कराया गया भर्ती
कई छात्राओं के एक साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचने की सूचना से अस्पताल में भी हलचल बढ़ गई। चिकित्सकों ने छात्राओं की जांच शुरू कर उनका उपचार किया। प्रारंभिक तौर पर गर्मी और तेज धूप के कारण तबीयत बिगड़ने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है। छात्राओं की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है। भर्ती छात्राओं की संख्या और उनकी वर्तमान स्थिति की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
भीषण गर्मी में यात्रा को लेकर उठे सवाल
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। ऐसे में भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच लंबे समय तक पैदल चलने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार गर्म मौसम में लंबे समय तक धूप में रहने से डिहाइड्रेशन, कमजोरी और चक्कर जैसी समस्या हो सकती है।
इसे भी पढ़ें : गोरखपुर में CM योगी ने निकाली तिरंगा यात्रा, बोले- क्रांतिकारियों का सम्मान करना हर नागरिक का दायित्व
➤ You May Also Like





Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































