Breaking News

बदायूं में डॉक्टर की पिटाई का मामला: मेडिकल जांच में नहीं मिला एल्कोहल, अखिलेश ने AI से आरोपियों की पहचान की मांग की

Published on: August 14, 2026
Doctor beaten up in Badaun

जागृत भारत,बदायूं : उत्तर प्रदेश के बदायूं में सरकारी डॉक्टर के साथ भीड़ द्वारा मारपीट के मामले में मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया है। डॉक्टर पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाकर उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई थी, लेकिन पुलिस की ओर से कराए गए मेडिकल परीक्षण में उनके शरीर में एल्कोहल की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बाद डॉक्टर के शराब के नशे में होने के दावे पर सवाल उठने लगे हैं।

मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे आरोपियों की पहचान AI तकनीक की मदद से कराने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

गाय से टक्कर के बाद जुटी भीड़

मामला अलापुर थाना क्षेत्र के बीचपुरी गांव के पास का है। मंगलवार को सीएचसी उसावां के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल सिद्धार्थ अपनी स्कॉर्पियो से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी की एक घूमंतू गाय से टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। आरोप है कि भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने डॉक्टर पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनकी स्कॉर्पियो में भी तोड़फोड़ किए जाने की बात सामने आई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें भीड़ डॉक्टर के साथ मारपीट करती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।

मेडिकल जांच में शराब की पुष्टि नहीं

घटना के बाद डॉक्टर का मेडिकल परीक्षण कराया गया। रिपोर्ट के मुताबिक उनके शरीर में एल्कोहल की पुष्टि नहीं हुई। मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद डॉक्टर के शराब के नशे में होने के आरोप पर सवाल खड़े हो गए हैं।

हालांकि, घटना से जुड़ा एक दूसरा वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें स्कॉर्पियो के अंदर कथित तौर पर बीयर की कई कैन दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने अभी इस वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कब का है और उसमें दिखाई दे रही बीयर की कैन का इस घटना से कोई संबंध है या नहीं।

अखिलेश यादव ने की AI से पहचान की मांग

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने डॉक्टर के साथ हुई मारपीट को लेकर सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि इस घटना से चिकित्सक समुदाय में नाराजगी पैदा हुई है। अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से वायरल वीडियो में मौजूद लोगों की पहचान AI तकनीक की मदद से कराने की मांग की। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के साथ प्राणघातक हमले का मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग भी की।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि डॉक्टर के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो चिकित्सकों में आक्रोश बढ़ सकता है और इसका असर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर पड़ सकता है।

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेखर, धर्मेंद्र उर्फ नेत्रपाल, धर्मेंद्र और धर्मपाल के रूप में बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला और वाहन में तोड़फोड़ सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीम काम कर रही है।

SSP ने कहा- कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई

एसएसपी अंकिता शर्मा ने मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस उपलब्ध वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल मेडिकल रिपोर्ट में एल्कोहल की पुष्टि नहीं होने से घटना में डॉक्टर पर लगाए गए शुरुआती आरोपों की जांच का दायरा बढ़ गया है। पुलिस अब वायरल वीडियो और बीयर कैन वाले वीडियो समेत सभी उपलब्ध साक्ष्यों की सत्यता की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।


Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!