जागृत भारत,पटना : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य में कर्मचारियों के वेतन और पेंशन के मुद्दे को लेकर सम्राट सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के पास कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पर्याप्त पैसा नहीं है। तेजस्वी ने कहा कि कई कर्मचारियों को अब तक वेतन नहीं मिला है और ठेकेदारों का भुगतान भी लंबित है।
‘बिहार का खजाना पूरी तरह खाली हो चुका है’
तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों की स्थिति बेहद खराब है। उनके मुताबिक, राज्य में ऐसी स्थिति बन गई है कि कर्मचारियों को वेतन और पेंशन देने में भी सरकार को परेशानी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कथित तौर पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और लूट के कारण राज्य का खजाना खाली कर दिया है। तेजस्वी ने कहा कि अलग-अलग विभागों में काम करने वाले कर्मचारियों को वेतन मिलने में दिक्कत आ रही है। उन्होंने दावा किया कि ठेकेदारों का भुगतान करने के लिए भी सरकार के पास पर्याप्त धन नहीं है।
‘बिना रिश्वत के नहीं हो रहा कोई काम’
तेजस्वी यादव ने बिहार में भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे सरकारी कार्यालयों से लेकर विभागीय मुख्यालयों तक बिना रिश्वत के काम नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर वह कई बार सरकार से सवाल कर चुके हैं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि राज्य में ऐसी स्थिति बन गई है कि यह महसूस ही नहीं होता कि बिहार में कोई प्रभावी सरकार काम कर रही है।
‘विधायकों और मंत्रियों को भी वेतन नहीं मिल रहा’
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि वेतन भुगतान की समस्या सिर्फ कर्मचारियों तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि विधायकों और मंत्रियों के वेतन को लेकर भी स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने कहा, “हमको वेतन मिल रहा है तो वेतन बंद कर दें। हमको तो पांच-छह महीने से वेतन मिला ही नहीं था। हम लोगों के सामने यह बात रख चुके हैं। विधायक और मंत्री लोगों को वेतन नहीं मिल रहा है।”
अशोक चौधरी के बयान पर भी साधा निशाना
तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी के उस बयान पर भी तंज कसा, जिसमें उन्होंने हालात जल्द ठीक होने की बात कही थी। तेजस्वी ने सवाल उठाते हुए कहा कि अशोक चौधरी किस आधार पर कह रहे हैं कि सब कुछ ठीक हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि राज्य की आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि इसे एक-दो महीने में ठीक करना संभव नहीं होगा।
वेतन-पेंशन को लेकर सरकार को लिखा पत्र
तेजस्वी यादव ने वेतन और पेंशन भुगतान के मुद्दे पर बिहार सरकार को पत्र भी लिखा है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों को लंबित वेतन और पेंशन का भुगतान जल्द जारी करने की मांग की है। इस दौरान पत्रकारों ने तेजस्वी यादव से झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर भी सवाल किया, लेकिन उन्होंने इस पर कोई जवाब नहीं दिया और वहां से चले गए।
इसे भी पढ़ें : PDA को लेकर सपा-बसपा में जुबानी जंग तेज, आकाश आनंद बोले- ‘सपा का असली मतलब पब्लिक डराओ अभियान’
➤ You May Also Like





Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत
Subscribe to get the latest posts sent to your email.





















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































