Breaking News

दक्षिण चीन सागर संघर्ष में चीन ने एक साल बाद मानी 2 सैनिकों की मौत, फिलीपींस से टकराव में गई थी जान

Published on: August 9, 2026
China in the South China Sea conflict

जागृत भारत,बीजिंग : चीन ने करीब एक साल बाद स्वीकार किया है कि दक्षिण चीन सागर में फिलीपींस के साथ हुए टकराव के दौरान उसके दो तटरक्षक कर्मियों की मौत हुई थी। चीन की सरकारी मीडिया के मुताबिक, दोनों जवानों की मौत 11 अगस्त 2025 को समुद्री अधिकारों की रक्षा से जुड़े अभियान के दौरान हुई थी। इस घटना में दोनों देशों के जहाजों को नुकसान पहुंचा था और तनाव काफी बढ़ गया था।

चीनी सरकारी मीडिया ने गुरुवार को पीपुल्स आर्म्ड पुलिस (PAP) के ‘वफादार रक्षक’ सम्मान के नए प्राप्तकर्ताओं की सूची जारी की। मरणोपरांत सम्मानित किए गए चार लोगों में चीन तटरक्षक बल के दो अधिकारी यी शिन्यू और चेंग लॉन्ग भी शामिल हैं। आधिकारिक शहीद रजिस्टर के अनुसार, दोनों की मौत दक्षिण चीन सागर में हुई थी।

दोनों जवानों को मिला सैन्य सम्मान

चीनी सार्वजनिक शहीद पंजीकरण रिकॉर्ड के अनुसार, यी शिन्यू की मृत्यु के समय उम्र 21 वर्ष, जबकि चेंग लॉन्ग की उम्र 25 वर्ष थी। दोनों चीन के शेडोंग प्रांत के रहने वाले थे। दोनों जवानों को मरणोपरांत प्रथम श्रेणी का प्रशस्ति पत्र दिया गया। चीन में यह असाधारण सैन्य या अर्धसैनिक सेवा के लिए दिए जाने वाले प्रमुख सम्मानों में शामिल है।

चीनी तटरक्षक और नौसेना के जहाज में हुई थी टक्कर

रिपोर्टों के मुताबिक, यह घटना स्कारबोरो शोल के पास हुई थी। उस समय चीनी तटरक्षक बल का कटर नान्यू, फिलीपीन तटरक्षक पोत बीआरपी सुलुआन का पीछा कर रहा था। इसी दौरान नान्यू की टक्कर चीन की नौसेना के टाइप 052डी गाइडेड मिसाइल विध्वंसक गुइलिन से हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि चीनी तटरक्षक जहाज के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा था। इसी घटना में दोनों चीनी तटरक्षक कर्मियों की मौत होने की बात अब सामने आई है।

गलवान संघर्ष की याद दिलाता है मामला

चीन की ओर से करीब एक साल बाद अपने जवानों की मौत की पुष्टि किए जाने की तुलना 2020 के गलवान घाटी संघर्ष से भी की जा रही है। गलवान हिंसक झड़प के बाद चीन ने लंबे समय तक अपने सैनिकों के हताहत होने की संख्या सार्वजनिक नहीं की थी। बाद में उसने चार चीनी सैनिकों की मौत की पुष्टि की थी।

क्या है स्कारबोरो शोल?

स्कारबोरो शोल दक्षिण चीन सागर में स्थित चट्टानी द्वीपों और उथले समुद्री क्षेत्र का समूह है। चीन इसे हुआंगयान द्वीप और फिलीपींस इसे पानाटाग शोल कहता है। इस क्षेत्र पर दोनों देशों के बीच लंबे समय से विवाद और तनाव बना हुआ है। दक्षिण चीन सागर में चीन और फिलीपींस के बीच समुद्री अधिकारों को लेकर लगातार टकराव होते रहे हैं। ताजा खुलासे से दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद तनाव के और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।


इसे भी पढ़ें : मेरठ कृषि विश्वविद्यालय में छात्रा ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग, परीक्षा विवाद का लगाया आरोप; जांच समिति गठित


Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!