Breaking News

TET से छूट की मांग को लेकर शिक्षकों का प्रदर्शन, सांसद शशांक मणि त्रिपाठी को सौंपा ज्ञापन

Published on: July 15, 2026
Regarding the demand for exemption from TET
जागृत भारत,देवरिया : टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर सोमवार को देवरिया में भी शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। संगठन के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों शिक्षक बैतालपुर स्थित देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी के पैतृक आवास पहुंचे और उन्हें मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में शिक्षकों ने वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता से मुक्त करने की मांग उठाई। उन्होंने सांसद से आग्रह किया कि आगामी संसद के मानसून सत्र में इस विषय पर अध्यादेश अथवा आवश्यक विधायी पहल कर संविधान और संबंधित कानूनों में जरूरी संशोधन कराया जाए, ताकि वर्षों से कार्यरत हजारों शिक्षकों का भविष्य सुरक्षित हो सके।
शिक्षकों का कहना था कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई), 2009 के तहत वर्ष 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करने से छूट प्रदान की गई थी। लेकिन बाद में नियमों में बदलाव के कारण पुराने शिक्षकों पर भी टीईटी की अनिवार्यता लागू कर दी गई, जिसे संगठन पूरी तरह अन्यायपूर्ण मानता है।
जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि वर्ष 2017 में हुए संशोधन और उसके बाद आए सुप्रीम कोर्ट के एक निर्णय के चलते 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों की सेवा पर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि इस समस्या का स्थायी समाधान केवल केंद्र सरकार के स्तर पर विधायी संशोधन से ही संभव है। इसी उद्देश्य से टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया पूरे देश में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने का अभियान चला रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों की नियुक्ति उस समय की प्रचलित नियमावली के तहत हुई थी, उन पर वर्षों बाद नई योग्यता लागू करना न्यायसंगत नहीं है। संगठन ने मांग की कि सरकार इस मामले में मानवीय और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाते हुए पुराने शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से स्थायी रूप से छूट प्रदान करे।
सांसद शशांक मणि त्रिपाठी के आवास पर ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में केंद्र सरकार से इस मुद्दे पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की और कहा कि यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया तो देशभर में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला मंत्री आनंद प्रकाश यादव, उपाध्यक्ष डॉ. सत्य प्रकाश सिंह, जिला कोषाध्यक्ष जयप्रकाश मणि, जिला संयुक्त मंत्री ऋषिकेश जायसवाल, संरक्षक बैजनाथ पति त्रिपाठी, उपाध्यक्ष शफीक अहमद खान, विनोद कुमार मिश्रा, संजय कुमार मिश्रा, रागिनी सिंह, नित्यानंद यादव, संदीप कुमार द्विवेदी, निर्भय राय, आलोक कुमार सिंह, राकेश चौबे, गोपाल राय, नीरज श्रीवास्तव, अजेंद्र सिंह, दीपक मणि, हरिश्चंद तिवारी, नितेश श्रीवास्तव, अब्दुल्ला, विनय मिश्र, शैलेश श्रीवास्तव, सुधांशु राय, सुधीर तिवारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें : देवरिया के असम राइफल्स जवान सत्येंद्र सिंह को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई, 9 वर्षीय बेटे ने दी मुखाग्नि


Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!