जागृत भारत,देवरिया : जिले के बनकटा थाना क्षेत्र में मैरवा-मझौली मार्ग स्थित बहियारी बघेल पुल के नीचे पानी में मिले युवती के शव की पहचान हो गई है। मृतका की पहचान धरहनिया गांव निवासी 20 वर्षीय मन्नत कुमारी, पुत्री बांके बिहारी, के रूप में हुई है। वह बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थीं।
जानकारी के अनुसार, युवती का शव 1 जुलाई को पुल के नीचे पानी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने पर बनकटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए थे।
30 जून से थी लापता
परिजनों के मुताबिक, मन्नत कुमारी 30 जून को घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद अगले दिन उनका शव बहियारी बघेल पुल के नीचे पानी में बरामद हुआ।
सभी पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस
प्रारंभिक जांच में पुलिस प्रेम-प्रसंग सहित विभिन्न संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। साथ ही हत्या के बाद शव को पुल के नीचे फेंके जाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बनकटा थाना प्रभारी दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि शव की पहचान हो चुकी है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : पाकिस्तान के एयरस्ट्राइक पर तालिबान की चेतावनी, कहा- जवाब देने का अधिकार सुरक्षित
➤ You May Also Like





Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































