Breaking News

लखनऊ हादसे के बाद गाजियाबाद में बड़ा एक्शन, 35 कोचिंग सेंटरों को नोटिस, कई की बिजली कटी

Published on: June 25, 2026
Ghaziabad after Lucknow accident
जागृत भारत,गाजियाबाद : लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड और छात्रों की मौत के बाद गाजियाबाद प्रशासन ने जिले भर के कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड और विद्युत विभाग की संयुक्त टीमों ने शहर के 81 बड़े और छोटे कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले 35 संस्थानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। वहीं गंभीर विद्युत खामियां पाए जाने पर कई कोचिंग सेंटरों की बिजली आपूर्ति तत्काल प्रभाव से काट दी गई।
निरीक्षण में कई संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद लापरवाहीपूर्ण मिली। अधिकारियों ने पाया कि कई जगह अग्निशमन यंत्र या तो एक्सपायर हो चुके थे या फिर उपयोग योग्य स्थिति में नहीं थे। इसके अलावा कई कोचिंग सेंटरों में आपातकालीन निकास द्वार बंद पाए गए। कुछ स्थानों पर निकास मार्गों पर ताले लगे थे, जबकि कई जगहों पर सामान रखकर रास्तों को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया था।
विद्युत विभाग की टीम ने भी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की। जर्जर वायरिंग, ओवरलोडिंग और अन्य तकनीकी खामियां मिलने पर कई कोचिंग सेंटरों के बिजली कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कुछ संचालकों ने अपने संस्थान बंद कर दिए और वहां से चले गए। प्रशासन ने ऐसे संस्थानों और संचालकों की सूची तैयार कर ली है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर करना होगा। ऐसा न करने पर संबंधित संस्थानों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले में संचालित सभी कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी तथा अन्य भीड़भाड़ वाले शैक्षणिक संस्थानों की चरणबद्ध जांच की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और भविष्य में किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकना है।

इसे भी पढ़ें : पाकिस्तान पर भारत का दोटूक संदेश: आतंकवाद खत्म होने तक नहीं होंगे सामान्य रिश्ते


Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!