Breaking News

संजय निषाद का बड़ा दावा: सपा के 24 से ज्यादा सांसद संपर्क में, सत्ता में आने को तैयार

Published on: June 19, 2026
Sanjay Nishad's bold claim
जागृत भारत,लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों बयानबाजी का दौर तेज है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर द्वारा समाजवादी पार्टी (सपा) में संभावित टूट का दावा किए जाने के बाद अब निषाद पार्टी के प्रमुख और मंत्री संजय निषाद ने भी बड़ा राजनीतिक बयान दिया है।
मीडिया से बातचीत में संजय निषाद ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के 24 से अधिक सांसद उनके संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से विपक्ष में रहने के कारण कई नेता विकास कार्य नहीं करा पा रहे हैं और सत्ता पक्ष में आने की इच्छा रखते हैं।
संजय निषाद ने कहा कि सपा में मौजूद हिंदुत्व विचारधारा से जुड़े कई नेता उनसे लगातार मुलाकात करते रहते हैं। उनका दावा है कि ये नेता और सांसद सरकार के साथ जुड़ने के लिए तैयार हैं और लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।
दरअसल, हाल ही में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी सपा में बड़ी टूट की संभावना जताई थी। उन्होंने कहा था कि अखिलेश यादव के परिवार के कुछ सदस्यों को छोड़कर पार्टी के अधिकांश नेता और सांसद सपा छोड़ने के लिए तैयार बैठे हैं। राजभर के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ गई और सोशल मीडिया पर उनके तथा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली।
इस बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राजभर पर पलटवार करते हुए उनके पंचायती राज मंत्रालय में तबादलों के नाम पर अग्रिम वसूली का आरोप लगाया। वहीं सपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भी राजभर के दावों को खारिज कर दिया।
शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का कोई भी सांसद या विधायक पार्टी छोड़ने वाला नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ओम प्रकाश राजभर को ट्वीट करने के भी पैसे मिलते हैं, इसलिए वे लगातार ऐसे बयान देते हैं। शिवपाल ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश की राजनीति में राजभर को गंभीरता से लेने वालों की संख्या बहुत कम है।
राजभर और संजय निषाद के दावों के बाद प्रदेश की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि, सपा की ओर से इन दावों को पूरी तरह निराधार बताया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें : यूपी की राजनीति में बड़ी टूट का दावा, ओम प्रकाश राजभर बोले- अब अगला नंबर उत्तर प्रदेश का


Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!