Breaking News

यूपी में एसआईआर पर चुनाव आयोग सख्त, लापरवाही पर 8 विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ तलब; 24 घंटे में आए 46 हजार से ज्यादा नए आवेदन

Published on: January 14, 2026
up-sir-laxity-election-commission-strict-ero-summoned

जागृत भारत | लखनऊ(Lucknow): उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों में लापरवाही सामने आने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने कड़ा रुख अपनाया है। ‘बुक अ कॉल विद बीएलओ’ योजना के तहत मतदाताओं की शिकायतों का 48 घंटे में निस्तारण अनिवार्य होने के बावजूद कई जगह नियमों की अनदेखी पाई गई है।

8 विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ से मांगा गया जवाब

एसआईआर समीक्षा के दौरान आठ विधानसभा क्षेत्रों में 48 घंटे से अधिक समय से 10 से ज्यादा प्रकरण लंबित पाए गए। इन क्षेत्रों में मुरादाबाद ग्रामीण, शिकोहाबाद, गढ़मुक्तेश्वर, चायल, मधुबन, कुंदरकी, मनकापुर और मुरादाबाद नगर शामिल हैं। इस पर सीईओ ने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) से स्पष्टीकरण तलब किया है।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई प्रदेशव्यापी समीक्षा

मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीईओ नवदीप रिणवा ने प्रदेश के सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और ईआरओ के साथ एसआईआर कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बूथवार नियमित निगरानी हो और किसी भी परिस्थिति में कोई मामला 48 घंटे से अधिक लंबित न रहे।

18 जनवरी को फिर प्रदर्शित होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची

सीईओ ने सभी जिलों को निर्देश दिया कि 18 जनवरी को प्रत्येक बूथ पर ड्राफ्ट मतदाता सूची दोबारा सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाए। इस कार्य में राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), ग्राम प्रधानों और पार्षदों का सहयोग लिया जाएगा। साथ ही मतदाता जागरूकता के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

फॉर्म-6, 7 और 8 की पर्याप्त उपलब्धता के निर्देश

सीईओ ने कहा कि सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के पास फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की पर्याप्त संख्या उपलब्ध होनी चाहिए। ऑफलाइन फॉर्म-6 भरने वाले मतदाताओं से हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में विवरण भरवाया जाए, जबकि ऑनलाइन फॉर्म-6 भरने वालों के नाम का सत्यापन करते समय बीएलओ हिंदी में भी नाम दर्ज करें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।

सोशल मीडिया शिकायतों पर त्वरित जवाब देने के आदेश

मतदाता सूची को लेकर सोशल मीडिया पर किए जा रहे पोस्ट और शिकायतों पर तथ्यपरक और त्वरित जवाब देने के निर्देश भी सभी जिलों को दिए गए हैं, ताकि अफवाहों और भ्रम की स्थिति से बचा जा सके।

24 घंटे में 46,279 नए फॉर्म-6 आवेदन

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पिछले 24 घंटे में 46,279 नए फॉर्म-6 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 577 आवेदन राजनीतिक दलों की ओर से और 45,702 आवेदन आम नागरिकों द्वारा किए गए। अब तक कुल 18.53 लाख लोग मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भर चुके हैं।

नाम कटवाने के लिए भी आए सैकड़ों आवेदन

पिछले 24 घंटे में मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए 685 लोगों ने फॉर्म-7 भरा है। अब तक 50 हजार से अधिक लोग नाम कटवाने के लिए आवेदन कर चुके हैं।

एक्स हैंडल पर भी दर्ज कर सकते हैं शिकायत

सीईओ कार्यालय ने सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी और ईआरओ के एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल की सूची जारी की है। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के एक्स हैंडल पर पोस्ट करें। यदि वहां समाधान न हो तो सीईओ के आधिकारिक एक्स हैंडल @ceoup पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

देवरिया: शराब के नशे में पोकलेन चालक का तांडव, आधा दर्जन से अधिक कारें क्षतिग्रस्त

Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Read Also

Potential US-Iran Agreement

अमेरिका-ईरान संभावित समझौते पर सऊदी अरब की प्रतिक्रिया: प्रिंस फैसल बोले—परमाणु निगरानी और भरोसा सबसे अहम

Jharkhand Rajya Sabha Elections Voting

झारखंड राज्यसभा चुनाव: मतदान जारी, क्रॉस-वोटिंग की आशंका के बीच बीजेपी विधायक का ‘जय श्री राम, हो गया काम’ बयान चर्चा में

Sanjay Nishad's bold claim

संजय निषाद का बड़ा दावा: सपा के 24 से ज्यादा सांसद संपर्क में, सत्ता में आने को तैयार

Crime Branch encounter in Delhi

दिल्ली में क्राइम ब्रांच की मुठभेड़, राशिद हत्याकांड में वांछित दो नाबालिग शूटर गिरफ्तार

NEET 2026 Delhi government's unique

NEET 2026: दिल्ली सरकार की अनोखी पहल, परीक्षा केंद्रों पर अभिभावकों के लिए बनेंगे ‘कूलिंग जोन’

Boiling after Bhojpur encounter

भोजपुर एनकाउंटर के बाद उबाल: भरत तिवारी का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन, पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ का आरोप

Leave a Reply

error: Content is protected !!