Breaking News

देवरिया में चलती बस में यात्री की मौत: हार्ट अटैक से गई जान, कंडक्टर के छूने पर हुआ खुलासा

Published on: January 4, 2026
deoria-moving-bus-passenger-death-heart-attack

जागृत भारत | देवरिया(Deoria): देवरिया में कड़ाके की ठंड के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यूपी रोडवेज की चलती बस में सफर कर रहे एक युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई, लेकिन पूरी यात्रा के दौरान किसी भी यात्री को इसकी भनक तक नहीं लगी। युवक बस की सीट पर बैठा रहा और उसकी मौत का खुलासा तब हुआ, जब बस अपने अंतिम स्टॉप पर पहुंची।

यह घटना शनिवार सुबह की बताई जा रही है। देवरिया से लार जा रही यूपी रोडवेज बस जैसे ही लकहहू मोड़ बस स्टैंड पर पहुंची, सभी यात्री उतर गए, लेकिन एक यात्री अपनी सीट पर ही बैठा रहा। कंडक्टर ने कई बार आवाज दी, लेकिन जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो हल्के से छूकर जगाने की कोशिश की। तभी उसे एहसास हुआ कि युवक के शरीर में कोई हरकत नहीं है। यह देखते ही बस में हड़कंप मच गया।

तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और बस को नजदीकी लार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही बस स्टैंड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पहचान के लिए मृतक की तस्वीर भी साझा की गई।

देवरिया: सऊदी से लौटे पति को लगा सदमा, विवाहिता पत्नी मासूम बेटी को छोड़ नकदी-जेवर लेकर प्रेमी संग फरार

लार थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि घटना सुबह करीब नौ बजे की है। मृतक की पहचान छोटेलाल पासवान (45 वर्ष) निवासी कस्बा लार, वार्ड टोला सोनराबारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, क्योंकि परिवार पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं था।

बताया गया कि छोटेलाल पासवान देवरिया शहर में एक पेट्रोल पंप पर मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। शनिवार सुबह ड्यूटी पूरी करने के बाद वह बस से अपने घर लार लौट रहे थे। बस कंडक्टर के अनुसार, रावतपार गांव के गेट के पास उन्हें टिकट का बचा हुआ किराया भी लौटाया गया था और उस समय वह बिल्कुल सामान्य नजर आ रहे थे।

सीएचसी के चिकित्सकों का कहना है कि अत्यधिक ठंड के कारण भी अचानक तबीयत बिगड़ने और हार्ट अटैक की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

देवरिया: श्रीरामपुर में दो गांवों में चोरी, ग्रामीणों की सतर्कता से एक चोर गिरफ्तार; पुलिस कर रही पूछताछ


Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!