Breaking News

देवरिया: सऊदी से लौटे पति को लगा सदमा, विवाहिता पत्नी मासूम बेटी को छोड़ नकदी-जेवर लेकर प्रेमी संग फरार

Published on: January 4, 2026
deoria-banakata-wife-elopes-loot-child-abandoned-news

जागृत भारत | देवरिया(Deoria):  देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र से रिश्तों और भरोसे को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। परिवार की आर्थिक हालत सुधारने के लिए सऊदी अरब में नौकरी कर रहे पति के लौटने पर उसकी जिंदगी पूरी तरह बिखर चुकी थी। आरोप है कि उसकी विवाहिता पत्नी तीन साल की मासूम बच्ची को घर में छोड़कर नकदी और लाखों रुपये के जेवरात लेकर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।

दो साल विदेश रहा पति, गांव में पनपता रहा प्रेम प्रसंग

पीड़ित पति के अनुसार वह बीते करीब दो वर्षों से सऊदी अरब में काम कर रहा था। इसी दौरान उसकी 27 वर्षीय पत्नी का गांव में रहने वाले एक युवक से प्रेम संबंध हो गया। बताया जा रहा है कि युवक महिला का दूर के रिश्ते में भांजा लगता है और अपने ननिहाल में रह रहा था। युवक पहले से शादीशुदा है, इसके बावजूद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं।

आपत्तिजनक हालत में पकड़े जाने के बाद भी जारी रहा रिश्ता

परिवार को जब प्रेम प्रसंग की भनक लगी तो पीड़ित के बड़े भाई ने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया। कुछ दिन बाद बड़े भाई ने दोनों को एक कमरे में आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। सामाजिक बदनामी के डर से परिवार ने कई बार मामला सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन महिला हर बार विवाद और झगड़े पर उतर आती थी। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों के कई फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए, जिससे गांव में तनाव का माहौल बना रहा।

24 दिसंबर की रात अचानक हुई गायब

24 दिसंबर की रात महिला अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित के बड़े भाई ने सऊदी अरब में मौजूद पति को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पति बदहवास हालत में गांव पहुंचा।

घर पहुंचा पति, तो उड़ गए होश
घर पहुंचकर तलाशी लेने पर पति को पता चला कि करीब एक लाख रुपये नकद और लगभग 10 लाख रुपये के जेवरात गायब हैं। इससे साफ हुआ कि महिला पूरी तैयारी के साथ घर छोड़कर गई है। सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि उसने अपनी तीन साल की मासूम बेटी को घर में ही छोड़ दिया।

30 दिसंबर को दर्ज हुई गुमशुदगी

घटना के बाद 30 दिसंबर को पीड़ित पति ने बनकटा थाने में लिखित तहरीर देकर पत्नी की गुमशुदगी और नकदी-जेवरात लेकर फरार होने की शिकायत दर्ज कराई। मासूम बच्ची को फिलहाल रिश्तेदारों के पास रखा गया है।

गांव में गुस्सा और चिंता

मां द्वारा बच्ची को छोड़कर फरार होने की घटना से गांव में गुस्सा और हैरानी का माहौल है। ग्रामीण बच्ची के भविष्य को लेकर गहरी चिंता जता रहे हैं।

पुलिस का बयान

बनकटा थाना प्रभारी विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि विवाहिता की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। महिला और उसके साथ गए युवक की तलाश की जा रही है। आवश्यक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिला की बरामदगी के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

आगरा पुलिस की बर्बरता: ऑटो से थाने न ले जाने पर दूधिए को दी खौफनाक सजा, प्लास से उखाड़े नाखून


Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!