Breaking News

देवरिया: सड़क हादसे में युवक की मौत पर मुआवजे को लेकर उफरा विवाद, प्रदर्शन करने पर 57 नामजद व 207 अज्ञात पर केस

Published on: December 31, 2025
deoria-road-accident-muzaawza-vivad-57-namjad-207-fir

जागृत भारत | देवरिया(Deoria): देवरिया के बरहज थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत और उसके बाद न्याय व मुआवजा देने की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन ने अब बड़ा रूप ले लिया है। पुलिस द्वारा आंदोलनकारियों पर मुकदमा दर्ज किए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। मामला लगातार गरमाता जा रहा है।

ऐसे शुरू हुआ विवाद

जयनगर निवासी रतन सोनकर पुत्र गुड्डू सोनकर की 6 दिसंबर को नपा गेट के पास कृष्णा एकेडमी की स्कूल बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस ने स्कूल बस मालिक और स्कूल संचालक पर सख़्त कार्रवाई नहीं की।

परिजनों का कहना है कि उनसे स्टांप पेपर पर समझौता कराया गया। तय हुआ कि स्कूल संचालक 14 लाख रुपये मुआवजा देगा—जिसमें से 2 लाख तुरंत दिए गए और बाकी 12 लाख रुपये 15 दिन के भीतर देने का वादा किया गया। लेकिन समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ और स्कूल संचालक ने समझौते से मुकरने की बात कही।

ग्रामीणों का प्रदर्शन और मांगें

इसी के विरोध में भाजपा नेता अमित जायसवाल, लव सोनकर और अमरजीत सोनकर के नेतृत्व में 24 दिसंबर को सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए। बाजार बंद करा दिया गया और मुख्य चौराहे पर धरना दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने थानाध्यक्ष के निलंबन और स्कूल संचालक की गिरफ्तारी की मांग उठाई।

उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कराया गया।

पुलिस ने 57 नामजद सहित 207 पर दर्ज किया केस

धरना समाप्त होने के कुछ दिनों बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एसआई संतोष कुमार यादव की तहरीर पर 57 नामजद और 207 अज्ञात लोगों के खिलाफ सड़क जाम और प्रदर्शन करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर दी।

नामजद आरोपियों में शामिल हैं—
अमित जायसवाल (पुराना बरहज), अमरजीत सोनकर (गौरा), गुड्डू सोनकर, दुर्गेश सोनकर, गोलू, अशोक, हुकुम, राजा, प्रदीप, कृष्णमुरारी, विशाल, तेजू, कृष्णा, जितेंद्र, रामबाबू, लोकनाथ, लव सोनकर (तिवारीपुर बरगड्यों), गोविंद, राकेश, प्रदुम्न, किशन, सन्नी, आकाश सोनकर (जयनगर), करन सोनकर, प्रमोद सोनकर, मनोज, अनिल सोनकर, हृदया, ज्ञानु, राहुल, सचिन, विशाल सोनकर, राजकिशोर, छल्लू, भीगन, रोशन, धर्मेंद्र, सोनू, पंकज (पुत्र सुमेर), पंकज (पुत्र बबलू), भोला, मुन्ना, रंजीत, श्रवण, हैदर, सोहित और कस्बा निवासी पुष्पेंद्र।

प्रशासन की सफाई

बरहज के क्षेत्राधिकारी राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि स्कूल बस मालिक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क जाम से संबंधित मामले में नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय स्तर पर लोग इस कार्रवाई को कठोर बताते हुए नाराजगी जता रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

देवरिया: मेले का बदलता स्वरूप – मनोरंजन कम, व्यापार ज्यादा; सुरक्षा और जेब पर पड़ रहा भारी


Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!