Breaking News

गोरखपुर में दर्दनाक हादसा: मालगाड़ी के शोर में नहीं सुनाई दी ट्रेन की आवाज, महिला और बच्ची की मौत, एक गंभीर

Published on: December 15, 2025
gorakhpur-train-accident-woman-two-girls-death

जागृत भारत | गोरखपुर(Gorakhpur): जनपद में रविवार शाम एक हृदयविदारक रेल हादसे में महिला और एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा गोरखनाथ ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ, जहां मालगाड़ी के तेज शोर के कारण एक्सप्रेस ट्रेन का हॉर्न सुनाई नहीं दिया।

बाजार से लौटते वक्त हुआ हादसा

हुमायूंपुर उत्तरी यादव टोला निवासी सविता देवी (32) पत्नी हेमंत यादव रविवार शाम बच्चों को घुमाने के बाद घर लौट रही थीं। उनके साथ पड़ोस की नौ वर्षीय कनक साहनी और आठ वर्षीय शिया यादव भी थीं। तीनों रेलवे लाइन पार कर रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।

मालगाड़ी के शोर में छिप गई एक्सप्रेस ट्रेन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने की पटरी पर एक मालगाड़ी गुजर रही थी, जिससे तेज शोर हो रहा था। उसी दौरान दूसरी पटरी पर जंक्शन की ओर से मोरध्वज एक्सप्रेस (14691) तेज रफ्तार से आ गई। ट्रेन चालक ने हॉर्न भी बजाया, लेकिन मालगाड़ी की आवाज के कारण महिला और बच्चियों को लगा कि आवाज उसी की है।

पटरी पार करते समय चपेट में आए तीनों

इसी भ्रम में तीनों पटरी पार करने लगीं और मोरध्वज एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे और एंबुलेंस से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में दो को मृत घोषित किया गया

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने सविता देवी और आठ वर्षीय शिया यादव को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल कनक साहनी को पहले बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, बाद में परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

एक मोहल्ले पर टूटा दुखों का पहाड़

तीनों पीड़ित एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। सविता देवी और शिया के पिता ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि कनक के पिता बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। एक साथ हुए इस हादसे से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।

पुलिस ने की घटना की पुष्टि

एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि यह हादसा कोतवाली क्षेत्र में हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और रेलवे व स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

जौनपुर में खालिद दूबे का निकाह बना सामाजिक सौहार्द की मिसाल, 100 से अधिक ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दिया आशीर्वाद

Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!