Breaking News

प्रदेश के इन 33 जिलों में आज से पल्स पोलियो का सघन अभियान, 1.33 करोड़ बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

Published on: December 14, 2025
up-pulse-polio-campaign-33-districts-1-33-crore-children

जागृत भारत | लखनऊ(Lucknow): प्रदेश को पोलियो-मुक्त बनाए रखने के संकल्प के साथ रविवार से प्राथमिकता वाले 33 जिलों में सघन पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो रही है। यह अभियान 22 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। परिवार कल्याण महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पोलियो उन्मूलन की स्थिति को बनाए रखने के लिए इस तरह के सघन अभियानों का नियमित आयोजन जरूरी है।

1.33 करोड़ बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

डॉ. पवन कुमार अरुण के अनुसार, चिह्नित 33 जिलों में शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के करीब 1.33 करोड़ बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच साल तक के सभी बच्चों को हर वर्ष पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं, ताकि संक्रमण की किसी भी आशंका को रोका जा सके।

पहले दिन 44 हजार से अधिक बूथ

अभियान के पहले दिन प्रदेश में कुल 44,726 पोलियो बूथ लगाए जाएंगे। इसके बाद 22 दिसंबर तक 29,360 टीमें और 10,686 पर्यवेक्षक घर-घर जाकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे।

प्रवासी और घुमंतू परिवारों पर विशेष फोकस

राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि संक्रमण का खतरा प्रवासी और घुमंतू परिवारों में अधिक रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए 16,194 क्षेत्रों में 4,60,489 परिवारों को चिह्नित किया गया है, जहां विशेष निगरानी और टीकाकरण किया जाएगा।

2010 से पोलियो-मुक्त है प्रदेश

नियमित टीकाकरण के महाप्रबंधक डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि प्रदेश वर्ष 2010 से पोलियो-मुक्त है। हालांकि, पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आते रहते हैं। इसी वजह से भारत में समय-समय पर ऐसे सघन अभियान चलाना बेहद आवश्यक है, ताकि संक्रमण को दोबारा पनपने से रोका जा सके।

इन 33 जिलों में चलेगा अभियान

यह सघन पल्स पोलियो अभियान आगरा, अंबेडकरनगर, अमेठी, अयोध्या, बदायूं, भदोही, बांदा, चंदौली, इटावा, फिरोजाबाद, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, गाजीपुर, हमीरपुर, हाथरस, जालौन, जौनपुर, झांसी, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कासगंज, कुशीनगर, ललितपुर, लखनऊ, महोबा, मऊ, मथुरा, मिर्जापुर, पीलीभीत, सोनभद्र, उन्नाव और वाराणसी में चलाया जाएगा।

पंकज चौधरी होंगे यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष, आखिरी तीन दिन में ली बढ़त; निर्विरोध निर्वाचन तय, आज होगी घोषणा

Discover more from jagrutbharat.com :: जागृत भारत

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply

error: Content is protected !!