जागृत भारत | पटना (Patna): बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 121 सीटों पर आज मतदान जारी है। सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू होते ही कई इलाकों में मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
वहीं दूसरी ओर, बाकी की 121 सीटों पर सियासी जंग अभी भी जारी है। सभी दलों के बड़े नेता अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में मैदान में हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और बीजेपी के फायरब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ आज बिहार में अपनी जनसभाओं के जरिए चुनावी माहौल को गरमाएंगे।
सीएम योगी आज तीन विधानसभा क्षेत्रों में जनसभा को संबोधित करेंगे। उनका पहला कार्यक्रम सीतामढ़ी जिले के परिहार विधानसभा क्षेत्र के कोइरिया पिपरा में निर्धारित है। इसके बाद वे पश्चिमी चंपारण के बेतिया विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में सभा करेंगे। दिन का अंतिम कार्यक्रम बगहा विधानसभा क्षेत्र में होगा, जहां वे एनडीए प्रत्याशी के लिए वोट मांगेंगे।
अपने बिहार दौरे को लेकर सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा—
“विरासत, विकास और राष्ट्रवाद की वंदनीय धरा बिहार आना मेरे लिए तीर्थाटन के समान है। माता जानकी की कृपाभूमि जनपद सीतामढ़ी और सत्याग्रह की धरा पश्चिमी चंपारण की सुशासनप्रिय जनता-जनार्दन से आज संवाद करूंगा। ‘विकसित बिहार-आत्मनिर्भर बिहार’ के लिए हर बिहारवासी भाजपा-एनडीए सरकार के साथ है।”
सीएम योगी के दौरे को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। पार्टी को उम्मीद है कि उनकी रैलियों से एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल और मजबूत होगा।
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कुशीनगर पुलिस अलर्ट: सीमा पर सघन चेकिंग, शराब और तस्करी पर सख्ती
➤ You May Also Like






























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































