जागृत भारत |लखनऊ(Lucknow): उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने आगामी भर्ती परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसमें वन रक्षक, वन्यजीव रक्षक, आशुलिपिक, मानचित्रक और कनिष्ठ सहायक सहित कई पदों की मुख्य व टाइपिंग परीक्षाओं की तिथियां घोषित की गई हैं।
वन विभाग के अधीन वन रक्षक व वन्यजीव रक्षक के 709 पदों पर भर्ती की मुख्य परीक्षा 9 नवंबर को आयोजित होगी। यह परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लखनऊ के 47 और झांसी के 10 परीक्षा केंद्रों पर होगी, जिसमें 29,217 अभ्यर्थी शामिल होंगे। उम्मीदवार आयोग की वेबसाइट से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
वहीं, आशुलिपिक (Stenographer) के 333 पदों की मुख्य परीक्षा 16 नवंबर को दोपहर 3 से 5 बजे तक होगी। इसी दिन सुबह 10 से 12 बजे तक सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में नक्शानवीस और कृषि विभाग में मानचित्रक (Cartographer) के कुल 283 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। आयोग ने शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों की सूची और परीक्षा केंद्रों की जानकारी वेबसाइट पर जारी कर दी है।
इसके अलावा, कनिष्ठ सहायक (Junior Assistant) पदों की टाइपिंग परीक्षा 22 नवंबर से शुरू होगी।
23 नवंबर को कनिष्ठ लिपिक और सहायक स्तर-3 की टाइपिंग परीक्षा होगी, जबकि 18 दिसंबर को सहायक स्टोर कीपर और सहायक ग्रेड-3 की टंकण परीक्षा आयोजित की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में टाइपिंग देनी होगी।
दंत स्वास्थ्य विज्ञानी पदों की कटऑफ जारी
आयोग ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत दंत स्वास्थ्य विज्ञानी (Dental Hygienist) पदों की श्रेणीवार कटऑफ सूची जारी कर दी है। कुल 24 विशेष भर्ती पदों के लिए 24 अभ्यर्थी और 264 सामान्य चयन पदों के लिए 250 अभ्यर्थियों की कटऑफ सूची घोषित की गई है। उम्मीदवार अपनी श्रेणीवार कटऑफ आयोग की वेबसाइट से देख सकते हैं।
साथ ही, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधीन सिनेमा ऑपरेटर-कम-प्रचार सहायक के 18 पदों में बचे एक अभ्यर्थी को शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के सत्यापन हेतु 15 नवंबर को आयोग कार्यालय में बुलाया गया है।
UP NEET PG 2025: एमडी-एमएस की 4297 सीटों पर एडमिशन की रेस शुरू, मेरिट लिस्ट इस तारीख को होगी जारी
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































