जागृत भारत | लखनऊ(Lucknow): उत्तर प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम के मिजाज में स्पष्ट बदलाव देखने को मिला है। शुक्रवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे लंबे समय से जारी कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से लोगों को कुछ राहत महसूस हुई।
कई जिलों में बूंदाबांदी और ओलावृष्टि
सुबह के समय नोएडा, गाजियाबाद और बुलंदशहर में हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं मथुरा में बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे मौसम में ठंडक बनी रही। इसके अलावा तराई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा।
दिन चढ़ने के साथ खिली गुनगुनी धूप
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन बढ़ने के साथ गुनगुनी धूप खिली। इसके चलते कई जिलों में दिन के तापमान में हल्की बढ़त दर्ज की गई, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली।
कई जिलों में दृश्यता शून्य रही
हालांकि, सुबह के समय प्रयागराज, कानपुर, बरेली, आगरा, अलीगढ़, आजमगढ़ और गोरखपुर जैसे जिलों में घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
अगले दो दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी के संकेत
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में सक्रिय विक्षोभ के असर से अगले दो दिनों के दौरान दिन और रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी की संभावना है। इस दौरान गलन भरी पछुआ हवाएं अपेक्षाकृत कमजोर रहेंगी, जिससे कड़ाके की ठंड से आंशिक राहत मिलेगी।
12 जनवरी के बाद फिर बदल सकता है मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद 12 जनवरी से एक बार फिर तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही ठंड और गलन दोबारा बढ़ने के संकेत हैं, जिससे मौसम फिर से करवट ले सकता है।
नेपाल चुनाव से पहले भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ी सतर्कता, कैलाली में हुई बॉर्डर डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेशन मीटिंग
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































