जागृत भारत | बरेली(Bareilly): निलंबित PCS अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री की मुश्किलें अब और बढ़ने वाली हैं। जिला प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेज दी है। इसके साथ ही सबूत के तौर पर कई वीडियो क्लिप पेनड्राइव में संलग्न कर भेजी गई हैं। अब शासन स्तर से अलंकार अग्निहोत्री के खिलाफ औपचारिक आरोपपत्र जारी किया जाना शेष है।
26 जनवरी को इस्तीफे के बाद तुरंत हुआ निलंबन
26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अलंकार अग्निहोत्री ने सिटी मजिस्ट्रेट पद से अपना इस्तीफा ई-मेल के जरिए राज्यपाल और निर्वाचन आयोग को भेज दिया था। जिला प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर उसी दिन शासन ने उन्हें निलंबित कर दिया था।
वीडियो साक्ष्यों के आधार पर तय होगी आगे की कार्रवाई
जिला प्रशासन द्वारा भेजी गई रिपोर्ट में पूरे घटनाक्रम का सिलसिलेवार विवरण शामिल है। इसके साथ पेनड्राइव में कई वीडियो फुटेज भी संलग्न किए गए हैं, जिनमें कलक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी और प्रदर्शन से जुड़े दृश्य बताए जा रहे हैं। शासन द्वारा नामित जांच अधिकारी मंडलायुक्त के पास अभी तक आरोपपत्र नहीं पहुंचा है, लेकिन जल्द ही इसे जारी किए जाने की संभावना है।
इस्तीफे में यूजीसी नियम और शंकराचार्य प्रकरण का जिक्र
अपने इस्तीफे में अलंकार अग्निहोत्री ने यूजीसी के नए नियमों और प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद एवं उनके शिष्यों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार का उल्लेख किया था। इस्तीफा भेजने के बाद उन्होंने इसे सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया था।
कलक्ट्रेट में नारेबाजी और प्रदर्शन का वीडियो रिकॉर्ड
इस्तीफे के अगले दिन 27 जनवरी को अलंकार अग्निहोत्री ने कलक्ट्रेट परिसर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन किया था। इस दौरान जिला प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई थी, जिसे अब साक्ष्य के रूप में शासन को भेजा गया है।
शामली में अटैचमेंट, लेकिन अब तक नहीं दी जॉइनिंग
निलंबन के बाद अलंकार अग्निहोत्री को शामली जिलाधिकारी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया था, लेकिन अब तक उन्होंने वहां अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है।
7 फरवरी को दिल्ली कूच का आह्वान
अलंकार अग्निहोत्री ने व्हाट्सएप स्टेटस के जरिए समर्थकों को सात फरवरी को दिल्ली कूच करने का आह्वान किया है। उन्होंने लिखा— “# सत्ता परिवर्तन… दिल्ली कूच करो 7 फरवरी… एससी-एसटी एक्ट वापस करो और मोदी-शाह वापस जाओ…” इस संदेश के साथ उन्होंने एक मोबाइल नंबर भी साझा किया है।
कोर्ट जाने के दिए संकेत, इस्तीफा वापस लेने से इनकार
सोमवार को प्रयागराज पहुंचे अलंकार अग्निहोत्री ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के कुछ अधिवक्ताओं से मुलाकात की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनकी लीगल टीम निलंबन से जुड़े नोटिस का अध्ययन कर रही है और इसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। हालांकि, उन्होंने इस्तीफा वापस लेने की किसी भी संभावना से साफ इनकार किया है और फिलहाल किसी राजनीतिक दल से जुड़ने की बात भी नकारी है।
उत्तर प्रदेश : नेपाल से ब्याह कर आईं महिलाएं नहीं बन पाएंगी मतदाता, नागरिकता के बिना वोटिंग का अधिकार नहीं
➤ You May Also Like





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































