मुरादाबाद। जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर किए गए कमेंट को लेकर उपजे विवाद में एक किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। मृतक किशोर बजरंग दल का कार्यकर्ता बताया जा रहा है। हत्या की सूचना मिलते ही संगठन के कार्यकर्ता थाने पहुँच गए और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
यह मामला कटघर थाना क्षेत्र के गुलाबबाड़ी चुंगी सूरजनगर का है। यहाँ रहने वाला 16 वर्षीय छात्र शोभित ठाकुर अपने दोस्तों के साथ बाइक से घूमने निकला था। रास्ते में वे एक चाय की दुकान पर रुके, तभी मोहल्ले के युवक अविनाश, अक्कू शर्मा, रोहित और जतिन उर्फ लाल वहाँ पहुँच गए।
बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले शोभित और अविनाश के बीच इंस्टाग्राम पर एक लड़की को लेकर किए गए कमेंट पर विवाद हुआ था। मोहल्ले के लोगों ने तब झगड़े को शांत करा दिया था, लेकिन अविनाश इस घटना से नाराज़ था और उसने रंजिश बना ली थी।
सोमवार को चाय की दुकान पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ी तो अचानक अक्कू शर्मा ने तमंचा निकालकर शोभित की कनपटी पर गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
गंभीर हालत में दोस्तों और परिजनों ने शोभित को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शोभित के पिता की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
इसे भी पढ़ें: देवरिया: 20 वर्षीय युवक का कमरे में फंदे से लटका मिला शव, पारिवारिक विवाद से था परेशान
➤ You May Also Like
















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































