जागृत भारत | देवरिया(Deoria): श्रीरामपुर थाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने महज एक घंटे के भीतर दो अलग-अलग गांवों में चोरी की वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैला दी। पहली घटना मिश्रौली कुर्मी टोला और दूसरी चकरवा टोला प्रेम राय में हुई। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता से एक चोर को मौके से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मिश्रौली कुर्मी टोला में रात करीब 12 बजे बुटन पटेल और राजू पटेल के घरों को चोरों ने निशाना बनाया। बुटन पटेल के घर चोर छत के रास्ते दाखिल हुए और पेटी तोड़कर दो मोबाइल फोन, एक मंगलसूत्र और तीन हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। वहीं राजू पटेल के घर से भी दो मोबाइल फोन चोरी हुए।
करीब एक बजे घर में आहट सुनकर महिलाएं जाग गईं। जब जांच की गई तो मोबाइल की पेटी गायब मिली। छत पर जाने पर पेटी टूटी हुई पाई गई। इसके बाद परिजनों ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी ही थी कि इसी दौरान दूसरी चोरी की सूचना मिली।
यूपी में कड़ाके की ठंड का कहर: अगले 3 दिन शीतलहर, 30 से ज्यादा जिलों में घना कोहरा रहने की सम्भावना
पुलिस को बताया गया कि लगभग एक किलोमीटर दूर चकरवा टोला प्रेम राय में भी चोरी हुई है। पुलिस और ग्रामीण करीब दो बजे वहां पहुंचे और तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान एक चोर छिपा हुआ मिला, जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पूछताछ में चोर ने अकेले ही चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की। उसके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
इस संबंध में थानाध्यक्ष श्रीरामपुर डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए चोर ने पहले मिश्रौली कुर्मी टोला में चोरी की और इसके बाद चकरवा टोला प्रेम राय में जाकर चार अन्य घरों को निशाना बनाया। फिलहाल आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
देवरिया: सऊदी से लौटे पति को लगा सदमा, विवाहिता पत्नी मासूम बेटी को छोड़ नकदी-जेवर लेकर प्रेमी संग फरार
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































