जागृत भारत | मैनपुरी(Mainpuri): उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के बेवर कस्बे में एक अनोखी और आकर्षक शादी चर्चा का केंद्र बन गई। करीब 15 हजार किलोमीटर दूर मैक्सिको से आई एस्मेरल्डा मोंटेज डी ओका अपने जीवनसाथी पुरुषार्थ के प्यार में हर सरहद को पार कर भारत पहुंचीं। यहां परंपरागत हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार दोनों का विवाह संपन्न हुआ, जिसे देखने और सराहने के लिए स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
जर्मनी में शुरू हुई प्रेम कहानी
बेवर के गांव रसूलाबाद निवासी पुरुषार्थ तिवारी अनिल तिवारी के पुत्र हैं। उन्होंने कानपुर स्थित एचबीटीआई से पेंट एंड केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई की। इसके बाद वे तीन साल तक एक कार कंपनी में कार्यरत रहे और उच्च शिक्षा के लिए जर्मनी चले गए। दिसंबर 2024 में जर्मनी में एक सेमिनार के दौरान पुरुषार्थ की मुलाकात मैक्सिको की एस्मेरल्डा मोंटेज डी ओका से हुई। शुरूआती दोस्ती धीरे-धीरे गहरी होती गई और दोनों दिलों में प्यार जन्म ले लिया।
परिवार की सहमति से खुला भविष्य का रास्ता
एस्मेरल्डा ने निश्चय कर लिया कि वह अपने जीवनसाथी के साथ हमेशा के लिए जुड़ेंगी, मगर परिवार की सहमति मिलना आसान नहीं था। रिश्ते को स्वीकार करने में उनके परिवार को करीब एक साल का समय लगा। लंबे प्रयासों और समझाइशों के बाद परिवार इस रिश्ते पर राजी हो गया। इसके उपरांत शादी की तैयारियों के साथ एस्मेरल्डा दो दिसंबर को अपनी मां और भाई के साथ बेवर पहुंचीं।
हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुए सात फेरे
छह दिसंबर को फर्रुखाबाद रोड स्थित एक मैरिज होम में भारतीय परंपराओं का पालन करते हुए दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थाम लिया। मंडप में मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए गए और विवाह रस्में पूरी की गईं। इस शादी समारोह में कई विदेशी मेहमानों की मौजूदगी ने इसे और खास बना दिया। विदेशी दुल्हन को देखने और उनके पारंपरिक रूप को निहारने के लिए क्षेत्र के लोग बधाइयों के साथ उमड़ पड़े।
प्रेम की मिसाल बनी बेवर की शादी
यह अनोखी प्रेम कहानी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है। लोग इस विवाह को सच्चे प्यार की मिसाल मानते हुए एस्मेरल्डा की साहस और दृढ़ता की सराहना कर रहे हैं। यह विवाह यह संदेश देता है कि प्यार किसी जाति, धर्म, भाषा या देश की सीमाओं का मोहताज नहीं होता। प्रेम हमेशा दिलों के बीच पुल बनाता है और दुनिया को जोड़ता है।
सीएम योगी का बड़ा ऐलान: हर थाने में होगा होमगार्ड रूम, सभी जवानों को मिलेगी कैशलेस इलाज सुविधा — स्थापना दिवस पर तोहफों की बारिश
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































