जागृत भारत | बाराबंकी(Barabanki): पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार दोपहर ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने आसपास मौजूद लोगों की रूह तक हिला दी। दो कारों की जबरदस्त टक्कर के बाद उठी आग की लपटों में पांच लोगों की जिंदगियाँ कुछ ही सेकंड में खत्म हो गईं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों का कहना है कि तेज धमाके, चीखें और फिर सबकुछ धुएं के आगोश में… यह दृश्य कभी न भूलने वाला था।
हादसे का वो 10 सेकंड का खौफनाक मंजर
दोपहर करीब 3 बजे डीह गांव के पास एक्सप्रेसवे पर अचानक जोरदार धमाका हुआ। चंद सेकंड तक दर्दभरी चीखें गूंजती रहीं और दोनों कारें आग के गोले में बदल गईं। ग्रामीण और दुकानदार डर के मारे ऊपर की ओर भागे। 15–20 मीटर दूर एक महिला और बच्चे के शव पड़े मिले। पूरा क्षेत्र सन्नाटे और धुएं से भर गया था।
लखनऊ जा रहे थे परिवार के 6 सदस्य, चार लोग कार में बैठते ही हुई टक्कर
पुलिस के अनुसार, मऊ के घोसी क्षेत्र के जिशान (30) अपनी बहन गुलिश्ता परवीन उर्फ़ चांदनी (49), उनकी तीन बेटियों—समरीन, इलमा, इस्मा—और बेटे जियान के साथ लखनऊ जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार रुकी और सभी ने नाश्ता–पानी लिया। तभी जैसे ही चार लोग कार में बैठे, पीछे से तेज रफ्तार ब्रेज़ा कार ने भीषण टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार तुरंत आग की लपटों में घिर गई।
स्थानीय लोगों ने कंटीले तार फांदकर बचाई दूसरी कार के यात्रियों की जान
धमाका सुनते ही कुड़वा गांव के प्रधान अनिल सिंह, शैलेंद्र सिंह, द्वारिका प्रसाद, विजय कुमार, दीपक मौके की ओर दौड़े। उन्होंने कंटीले तार फांदकर कारों तक पहुंचने की कोशिश की। पीछे चल रही दिल्ली निवासी दीपांशु मिश्रा की ब्रेज़ा कार भी टक्कर में शामिल हुई थी। ग्रामीणों ने किसी तरह दीपांशु, दीप्ति, तृप्ति और प्रगति को कार से बाहर निकाला। यह दृश्य उन्हें खुद भी सहमा गया।
20 मिनट बाद यूपीडा, 40 मिनट बाद पुलिस पहुँची—तब तक कार जलकर खाक हो चुकी थी
हादसे के 20 मिनट बाद यूपीडा की सुरक्षा टीम और लगभग 40 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। डीएम शशांक त्रिपाठी और एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच के आदेश दिए।
उधर, साढ़े तीन बजे पहली एंबुलेंस पहुंची जिसमें एक घायल महिला लायी गई। बाद की एंबुलेंसों में दो बच्चों और अन्य शवों को सीएचसी ले जाया गया। अस्पताल में कोहराम मच गया। डॉक्टर विश्वनाथ मधेशिया और डॉक्टर गौरव सिंह ने घायलों का उपचार शुरू कराया।
धुएं और आग के बीच कार में बैठा कुत्ता सकुशल बच गया
हैरानी की बात यह रही कि टक्कर मारने वाली कार में मौजूद एक कुत्ता इस भयावह आग और धमाके के बीच भी सुरक्षित बच गया। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालकर अपने पास रख लिया है।
यूपी में 2.91 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने की आशंका— SIR (विशेष पुनरीक्षण) में बड़ा खुलासा
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































