जागृत भारत | लखनऊ(Lucknow): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 दिसंबर को राजधानी लखनऊ का दौरा करेंगे। वह राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण करेंगे। इसको लेकर प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा व्यवस्था के चलते कई अहम फैसले लिए गए हैं, जिनका असर आम जनजीवन पर भी पड़ेगा।
स्वास्थ्य विभाग की सख्त तैयारी
प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने केजीएमयू, पीजीआई और लोकबंधु अस्पताल को सेफ हाउस घोषित किया है। इन अस्पतालों में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बेड आरक्षित किए गए हैं। डॉक्टरों और स्टाफ की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
लोकबंधु अस्पताल की टीम एयरपोर्ट पर तैनात रहेगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री के ब्लड ग्रुप के दो लाइव डोनर उनकी फ्लीट में मौजूद रहेंगे। सभी ब्लड बैंकों को आवश्यक रक्त सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
एंबुलेंस और मेडिकल टीमें रहेंगी तैनात
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान 20 बीएलएस और चार एएलएस एंबुलेंस अलर्ट रहेंगी। कार्यक्रम स्थल की पार्किंग में डॉक्टर और स्टाफ की 20 टीमें तैनात रहेंगी, जबकि चार मेडिकल टीमें पीएम की फ्लीट के साथ रहेंगी।
24 और 25 दिसंबर को बंद रहेंगे 126 स्कूल
राष्ट्र प्रेरणा स्थल के आसपास स्थित 126 विद्यालयों में 24 और 25 दिसंबर को पढ़ाई नहीं होगी। इन स्कूल भवनों को पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारियों के ठहराव और पार्किंग के लिए रिजर्व किया गया है।
पुलिस आयुक्त ने सभी स्कूल प्रबंधन को पत्र भेजकर इस संबंध में जानकारी दी है, ताकि बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बदला रहेगा शहर का यातायात
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए 24 दिसंबर की रात 12 बजे से 25 दिसंबर को कार्यक्रम समाप्ति तक लखनऊ शहर में यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। हालांकि इमरजेंसी सेवाओं जैसे एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और शव वाहनों को प्रतिबंधित मार्गों से गुजरने की अनुमति रहेगी।
ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी के लिए कंट्रोल नंबर 9454405155 जारी किया गया है।
चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम स्थल और आसपास के पूरे इलाके में सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
सुरक्षा में 18 डीसीपी, 26 एडीसीपी, 80 एसीपी, 189 इंस्पेक्टर, 1367 दरोगा, 4312 सिपाही, पीएसी, आरएएफ, बम निरोधक दस्ता, एनएसजी, एटीएस, एंटी ड्रोन और एंटी माइन टीमें तैनात की गई हैं।
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: सात IAS और 22 PCS अफसरों के तबादले, अंकुर कौशिक बने यूपीआरआरडीए के नए सीईओ
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































