जागृत भारत | मेरठ(Meerut) : मेरठ के चर्चित और संवेदनशील ‘ब्लू ड्रम मर्डर केस’ में जेल में बंद मुख्य आरोपी मुस्कान रस्तोगी ने सोमवार (24 नवंबर 2025) की शाम लाला लाजपत राय मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। जेल प्रशासन ने बताया कि प्रसव पीड़ा बढ़ने पर मुस्कान को रविवार (23 नवंबर 2025) रात करीब 11:30 बजे अस्पताल लाया गया था।
मां और बच्ची दोनों स्वस्थ
अस्पताल के प्रसूति विभाग की प्रमुख डॉ. शकुन सिंह के अनुसार, नवजात बच्ची का वजन 2.4 किलोग्राम है और डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक नॉर्मल डिलीवरी करवाई। जेल अधिकारियों ने कहा कि मुस्कान और उसकी नवजात बच्ची दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि मुस्कान के परिवार को सूचना दे दी गई है, लेकिन अस्पताल पहुंचने के लिए परिवार का कोई सदस्य सामने नहीं आया।
अस्पताल में सुरक्षा कड़ी
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार और संबंधित वार्डों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, मुस्कान पर दिनभर लगातार मेडिकल निगरानी रखी गई। इसके अलावा, सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी विशेष निर्देशों के तहत समय-समय पर मेडिकल रिकॉर्ड भी अपडेट किए जा रहे हैं।
क्या है ‘ब्लू ड्रम मर्डर केस’?
4 मार्च 2025 की रात मेरठ के इंदिरानगर में मुस्कान के पति सौरभ राजपूत की हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि मुस्कान और उसके कथित प्रेमी साहिल शुक्ला ने मिलकर सौरभ को नशीला पदार्थ देने के बाद चाकू से वार कर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को एक बड़े नीले ड्रम में छिपाया गया, जिसे देखकर यह मामला पूरे प्रदेश में सुर्खियों में आ गया।
CSBC Admit Card 2025: बिहार पुलिस कॉन्स्टेबल PET एडमिट कार्ड जारी, यहां से करें डाउनलोड
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































