जागृत भारत | लखनऊ(Lucknow): लखनऊ के वजीरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात कैसरबाग बस स्टैंड के पास स्थित एक गैराज में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। करीब 30 फीट ऊंची उठ रहीं लपटों के बीच लगातार तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं, जिससे स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
सूचना मिलते ही वजीरगंज थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की तीन गाड़ियों ने लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है, हालांकि गैराज में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग कैसे लगी, इसके कारणों की जांच पुलिस और फायर टीम कर रही है।
मोबिल ऑयल और इंजन ऑयल से भड़की आग
बताया जा रहा है कि गैराज में वाहनों की सर्विसिंग का काम होता था, जिसके चलते वहां बड़ी मात्रा में मोबिलऑयल, इंजन ऑयल और गाड़ियों से निकाला हुआ पुराना तेल रखा था। आग लगते ही ये तेजी से भड़क उठे और लपटें बिल्कुल उग्र हो गईं। तेल के डिब्बे फटने लगे, जिनसे लगातार धमाकों की आवाजें आती रहीं। आग की लपटें आसपास की दुकानों तक पहुंच गईं।
लपटें ऊंची उठते ही आस-पास के लोग और दुकानदार मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर अग्निशमनकर्मियों की मदद की और पानी फेंककर आग बुझाने के प्रयास किए। फिलहाल घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और जांच जारी है।
छपरा में दर्दनाक हादसा: अंगीठी के धुएं ने छीनी एडीसीओ के दो मासूमों समेत चार की जान, पत्नी व रिश्तेदारों की हालत नाजुक
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































