जागृत भारत | लखनऊ(Lucknow): लखनऊ के अयोध्या रोड स्थित नीलगिरी चौराहा के रोहतास इन्क्लेव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। आग से बचने के लिए दूसरी मंजिल की छत से कूदने पर महिला की सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। महिला के पति आग में झुलसकर घायल हो गए, जबकि बेटी को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। बेटा खुद ही बाहर निकलने में सफल रहा।
मृतका की पहचान फ्लैट नंबर 73-74 में रहने वाली निदा रिजवी (45) के रूप में हुई है। वह चौक इलाके में किड्स जी स्कूल चलाती थीं। उनके पति सैय्यद मोहम्मद अम्मार रिजवी (52) अधिवक्ता हैं। आग में उनका चेहरा और हाथ झुलस गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सुबह 7:09 बजे मिली आग की सूचना
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 7:09 बजे कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल निदा को तुरंत डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पांच दमकल गाड़ियों ने दो घंटे में पाया काबू
शुरुआत में दो दमकल गाड़ियों से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। इसके बाद तीन और गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। धुएं से भरे फ्लैट में अग्निशमन कर्मी बीए सेट पहनकर अंदर दाखिल हुए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पांच गाड़ियों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। आग से फ्लैट के दरवाजे, खिड़कियां जल गईं, प्लास्टर झड़ गया और पूरी गृहस्थी राख हो गई।
अलमारी से मिले 11 लाख रुपये नकद
आग बुझाने के दौरान एक अलमारी से 11 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसमें 500-500 रुपये की गड्डियां थीं।
मोमबत्ती से लगी आग, पूरे मकान में फैली लपटें
परिजनों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 7 बजे निदा बुरी नजर से बचाने के लिए इबादत (नजर देने) कर रही थीं। पहली मंजिल के पीछे वाले कमरे में बनाए गए दुआ घर में उन्होंने एक मोमबत्ती जलाई थी। इसी दौरान जलती मोमबत्ती गिर गई, जिससे कार्पेट में आग लग गई और देखते ही देखते आग पूरे मकान में फैल गई।
सीढ़ी लाओ… कहते-कहते गई जान
पड़ोसी बीना ने बताया कि उन्होंने सुबह निदा के बेटे की आवाज सुनी—“मम्मी आग लगी है।” बाहर आकर देखा तो निदा बालकनी में खड़ी थीं। बीना ने उन्हें सीढ़ियों से नीचे उतरने को कहा, लेकिन निदा ने बताया कि नीचे बहुत धुआं भरा है। उन्होंने सीढ़ी लगाने की गुहार लगाई। इसी दौरान आग लकड़ी से बने कमरे तक पहुंच गई, कमरा गिरा और उसके साथ ही निदा भी नीचे गिर पड़ीं।
परिवार और शिक्षा से जुड़ी जानकारी
घर में मो. हाशिम, उनकी बेटी निदा रिजवी, दामाद अम्मार रिजवी, नातिन जारा और नाती जोहराब रहते हैं। बेटी जारा अमेरिका में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा है और सोमवार शाम उसकी अमेरिका वापसी की फ्लाइट थी, जिसके लिए घर में तैयारियां चल रही थीं।
पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
यूपी की सियासत से मुंबई तक अपर्णा यादव: केजीएमयू विवाद के बीच भाजपा ने बीएमसी चुनाव का बनाया स्टार प्रचारक
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































