जागृत भारत | लखनऊ(Lucknow): लखनऊ में नए साल का जश्न मनाने के बाद घर लौट रहे तीन दोस्तों की कार बुधवार देर रात दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। पारा थाना क्षेत्र के बेहटा गांव के पास बेकाबू कार अचानक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, पलिया महिगवां निवासी विनोद यादव, जो प्रॉपर्टी का काम करते थे, बुधवार रात अपने दोस्तों अरुण (22) और कुंवर के साथ न्यू ईयर पार्टी से लौट रहे थे। कार जैसे ही पारा के बेहटा गांव के पास पहुंची, वह अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई।
विनोद यादव और अरुण की मौके पर ही मौत हो गई।
कुंवर को हल्की चोटें आईं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विनोद के बहनोई चंद्रप्रकाश ने बताया कि घटना रात करीब 11:30 बजे हुई। विनोद अपने पीछे पत्नी मीना और 15 वर्षीय बेटे अभय को छोड़ गए हैं।
अरुण को दोस्त लेकर गया था बाहर
मृतक अरुण के पिता संतोष कुमार ने बताया कि उनका बेटा पहले मेडिकल स्टोर पर काम करता था, लेकिन एक महीने पहले नौकरी छोड़ दी थी। बुधवार सुबह करीब 11 बजे पास में रहने वाला दोस्त कुंवर उसे घर से बुलाकर ले गया था।
देर रात तक जब अरुण घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता होने लगी। कुछ देर बाद जानकारी मिली कि उनका बेटा एक सड़क हादसे का शिकार हो गया है। गुडंबा स्थित अस्पताल पहुंचकर परिजनों को उसकी मौत की पुष्टि की गई।
8 महीने पहले ही हुई थी शादी
अरुण की शादी 18 अप्रैल को आलमबाग निवासी नीतू से हुई थी। बुधवार को भी वह ससुराल में पत्नी से मिलने गया था। शाम को वह दोस्तों के साथ निकला, लेकिन देर रात यह हादसा उसकी जिंदगी छीन ले गया। परिवार के लोग बदहवास हैं और घर में मातम पसरा हुआ है।
हादसे के बाद इलाके में गम का माहौल
दो युवकों की मौत से पारा और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नहर के पास सड़क संकरी है और अक्सर यहां दुर्घटनाएं होती रहती हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को क्रेन की मदद से बाहर निकलवाया और उचित कार्रवाई की।
लखनऊ में बहन से छेड़छाड़ के विरोध पर युवक की हत्या: 12 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































