जागृत भारत | झांसी के गरौठा थाना क्षेत्र के सुजानपुरा गांव के 40 वर्षीय हाकिम यादव की मध्य प्रदेश में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक किसान सुंदरलाल यादव के बेटे थे और खेती-किसानी का काम करते थे। हाकिम की पत्नी नीतू और उनके दो बच्चे हैं—19 वर्षीय बेटा अभिषेक और 14 वर्षीय बेटी आशी।
मिली जानकारी के अनुसार, हाकिम और गांव के प्रधानपति हरिशंकर एक-दूसरे के मित्र थे। रविवार शाम को प्रधानपति ने अपनी फॉर्च्यूनर कार से हाकिम को घर से उठाया और मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के टेहरका थाना क्षेत्र के थोना गांव में एक फार्महाउस में पार्टी के लिए ले गए।
पार्टी के दौरान कुछ लोगों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद हाकिम की हथेली और सीने में गोली मार दी गई। हथेली में लगी गोली आर-पार हो गई, जबकि सीने में लगी गोली बाहर नहीं निकली। घटना के बाद पार्टी में अफरातफरी मच गई।
घायल हाकिम को झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद हाकिम के परिजन झांसी पहुंचे, लेकिन प्रधानपति हरिशंकर मेडिकल कॉलेज से फरार हो गया। हत्या के समय प्रधानपति का एक रिश्तेदार भी मौजूद था, जो अभी फरार है।
एमपी पुलिस की टीम भी झांसी पहुंच गई है और परिजनों से मामले की जानकारी ली है। मेडिकल चौकी प्रभारी मोहित राणा ने बताया कि हाकिम की मौत गोली लगने से हुई है। पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम किया गया और आगे की जांच मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा की जाएगी।
मृतक के चाचा जाहिर सिंह यादव ने बताया कि हाकिम और प्रधानपति अक्सर साथ में घूमते और पार्टी करते थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और हत्या की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मेरठ के कपसाड़ गांव में सन्नाटा और सख्ती: सुनीता की मौत व रूबी अपहरण कांड के बाद अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































