गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र में हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मायके आई 20 वर्षीय विवाहित महिला शिवानी निषाद की घर के बाथरूम में गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका खून से सना शव मिलने के बाद शादी वाला घर मातम में बदल गया।
शादी में शामिल होने आई थी शिवानी
जंगल-रसूलपुर नंबर 2 लक्ष्मीपुर निवासी नोहरी देवी की मंझली बेटी शिवानी की छह महीने पहले 9 मई को देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के अवस्थी गांव में शादी हुई थी। पति भीम निषाद पेंटिंग का काम करते हैं।
शिवानी दो दिन पहले 21 नवंबर को अपने ताऊ बसंत निषाद की बेटी अमिता की शादी में शामिल होने मायके आई थी।
रात दो बजे गायब हुई, बाथरूम में मिली लाश
जयमाल कार्यक्रम के बाद रात करीब 2 बजे जब अन्य रस्में चल रही थीं, तभी शिवानी वहां से अपने घर चली गई। काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी तो उसकी मां नोहरी देवी ने तलाश शुरू की। शादी वाली जगह और आसपास ढूंढने के बाद जब वह घर पहुंचीं, तो बाथरूम के पास शिवानी का हाथ दिखा। अंदर जाकर देखा तो वह खून से लथपथ पड़ी थी। गले पर गंभीर कट का निशान था और हाथ की एक अंगुली भी कटी हुई थी, जिससे अंदेशा है कि उसने खुद को बचाने की कोशिश की होगी।
घर में मचा कोहराम, शादी की रस्में रोक दी गईं
शिवानी की मौत से शादी का माहौल गम में बदल गया। घर की महिलाएं बिलखने लगीं। मायके से सूचना मिलते ही उसके पति और ससुरालवाले सुबह होते-होते गांव पहुंच गए। घटना के बाद शादी की रस्में रोक दी गईं और सुबह जल्दी-जल्दी बारात विदा कर दी गई।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की सूचना पर पुलिस और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। झंगहा थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और परिजनों से पूछताछ जारी है।
यह दर्दनाक घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस जल्द ही हत्यारे तक पहुंचने का दावा कर रही है।
पुलिस की नोटिस और हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद नेहा सिंह बयान दर्ज कराने नहीं पहुंचीं | गिरफ्तारी के लिए टीम गठित
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































