गूगल अपने AI चैटबॉट जेमिनी में एक बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब जेमिनी केवल सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यूजर्स सीधे चैट के अंदर ही खरीदारी भी कर सकेंगे। कंपनी जेमिनी में नया ‘Buy Button’ जोड़ रही है, जिससे बिना किसी दूसरी वेबसाइट पर जाए पसंदीदा प्रोडक्ट खरीदा जा सकेगा।
‘एजेंटिक शॉपिंग’ का नया अनुभव
गूगल ने इस फीचर को ‘Agentic Shopping Experience’ नाम दिया है। फिलहाल यह सुविधा अमेरिका में उपलब्ध है। कंपनी ने इसके लिए Walmart, Target और Shopify जैसे बड़े रिटेलर्स के साथ साझेदारी की है। भारत में यह फीचर अभी लॉन्च नहीं हुआ है, लेकिन जल्द आने की उम्मीद है।
गूगल पे से होगा पेमेंट, पेपैल भी जल्द
‘Buy’ बटन पर क्लिक करते ही जेमिनी एप के भीतर ही चेकआउट विंडो खुल जाएगी। पेमेंट के लिए यूजर्स के Google Pay में पहले से सेव डिटेल्स का इस्तेमाल होगा। गूगल जल्द ही इसमें PayPal सपोर्ट भी जोड़ने वाला है।
डिलीवरी और सर्विस रिटेलर के जिम्मे
हालांकि ट्रांजैक्शन जेमिनी के जरिए होगा, लेकिन प्रोडक्ट की शिपिंग, रिटर्न और कस्टमर सपोर्ट की जिम्मेदारी संबंधित रिटेलर की होगी। उदाहरण के तौर पर, अगर ऑर्डर Walmart से किया गया है, तो डिलीवरी और सर्विस Walmart ही संभालेगा। गूगल यहां केवल एक प्लेटफॉर्म की भूमिका निभाएगा।
जेमिनी से शॉपिंग कैसे होगी?
- सर्च और सिलेक्शन: जेमिनी आपको पार्टनर रिटेलर्स के प्रोडक्ट्स दिखाएगा।
- Buy बटन: पसंद आने पर चैट में ही ‘Buy’ बटन दिखाई देगा।
- इन-ऐप चेकआउट: क्लिक करते ही जेमिनी के अंदर पेमेंट विंडो खुलेगी।
- Google Pay से भुगतान: सेव जानकारी से तुरंत पेमेंट होगा।
- ऑर्डर कन्फर्मेशन: पेमेंट के बाद ऑर्डर कन्फर्म हो जाएगा।
- डिलीवरी स्टेटस: यूजर चैट में ही ऑर्डर ट्रैक कर सकेगा।
- रिटेलर अपडेट: शिपिंग से जुड़ी जानकारी ईमेल या मैसेज से मिलेगी।
भारत में अभी क्या सुविधा है?
भारत में फिलहाल जेमिनी शॉपिंग में मदद तो करता है, लेकिन वह केवल प्रोडक्ट तुलना दिखाता है और खरीदने के लिए बाहरी वेबसाइट्स के लिंक देता है। डायरेक्ट इन-ऐप खरीदारी का विकल्प अभी उपलब्ध नहीं है।
भविष्य में बदल जाएगी ऑनलाइन शॉपिंग
गूगल का मानना है कि एआई आधारित एजेंट आने वाले समय में खरीदारी के तरीके को पूरी तरह बदल देंगे। यूजर्स को अलग-अलग ऐप्स या वेबसाइट्स पर जाने की जरूरत नहीं होगी। बस जेमिनी को अपनी जरूरत और बजट बताइए, बाकी काम एआई खुद कर देगा — सही प्रोडक्ट चुनने से लेकर पेमेंट तक।
कैसे एक स्टेशन पर इंतजार ने बनाया ‘Where is My Train’ App भारत में ट्रेनों की सटीक लोकेशन के भरोसे की कहानी
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































