जागृत भारत | देवरिया(Deoria): देवरिया जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने कथित रूप से ससुराल पक्ष की मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर कीटनाशक पदार्थ खा लिया। घटना रविवार को हुई, जिसके बाद महिला को गंभीर हालत में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।
पीड़िता की पहचान भदीला देवार गांव, मदनपुर थाना क्षेत्र निवासी ज्योति साहनी के रूप में हुई है। ज्योति की शादी 2019 में रुद्रपुर के मल्लाह टोली निवासी दीपक साहनी से हुई थी। शादी के एक साल बाद यानी 2020 में दीपक साहनी की कोरोना संक्रमण के कारण मृत्यु हो गई।
पति की मौत के बाद ज्योति अपने चार वर्षीय बेटे प्रतीक के साथ ससुराल में रह रही थी। उसने आरोप लगाया कि पति के निधन के बाद से ही उसके सास-ससुर और अन्य परिवारिक सदस्य उसे लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ित करते रहे। उसे बार-बार घर से निकालने की धमकियाँ भी दी जाती थीं।
ज्योति ने बताया कि पति की मौत के बाद वह अपने छोटे बेटे को लेकर कहां जाएगी, इस चिंता ने उसे मानसिक रूप से बहुत परेशान कर दिया। रविवार को इसी दबाव और प्रताड़ना से तंग होकर उसने कीटनाशक पदार्थ निगल लिया। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहाँ उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
महिला ने अपने बयान में सास-ससुर समेत ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की संभावना जताई है।
लखनऊ में रिटायर्ड होमगार्ड का खून से लथपथ शव मिला, लाइसेंसी बंदूक से ठुड्डी में मारी गोली
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































