जागृत भारत | देवरिया (Deoria): शहर के न्यू कॉलोनी क्षेत्र से एक व्यक्ति की पालतू सफेद बिल्ली के रहस्यमयी ढंग से गायब होने का मामला इन दिनों पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। बिल्ली के मालिक ने न सिर्फ पुलिस की मदद ली है, बल्कि उसे ढूंढ़कर लाने या उसके बारे में पुख्ता जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा भी कर दी है।
न्यू कॉलोनी निवासी यूसुफ चिश्ती, पुत्र स्व. यूनुस चिश्ती, पिछले पांच वर्षों से सफेद रंग की इस बिल्ली को पाल रहे थे। यूसुफ के मुताबिक, यह सिर्फ एक पालतू जानवर नहीं, बल्कि परिवार का अहम सदस्य बन चुकी थी। घर के सभी लोग उससे भावनात्मक रूप से जुड़े हुए थे।
20 दिसंबर को हुई लापता
यूसुफ चिश्ती ने बताया कि 20 दिसंबर को जब वे घर लौटे, तो बिल्ली कहीं नजर नहीं आई। पहले इसे सामान्य समझकर परिवार ने आसपास के गली-मोहल्लों में खोजबीन शुरू की, लेकिन देर रात तक कुछ हाथ नहीं लगा। अगले कई दिनों तक तलाश जारी रही, पर बिल्ली का कोई सुराग नहीं मिला।
ऑनलाइन शिकायत के बाद थाने में दी तहरीर
काफी खोजबीन के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर यूसुफ ने पुलिस की शरण ली। उन्होंने पहले ऑनलाइन शिकायत दर्ज की और फिर सोमवार को सदर कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर भी दी। पुलिस ने शिकायत स्वीकार करते हुए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने की बात कही है।
इनाम की घोषणा से बढ़ी चर्चा
यूसुफ चिश्ती ने बताया कि उनकी बिल्ली पूरी तरह सफेद रंग की है और बेहद शांत स्वभाव की है। उन्होंने घोषणा की है कि बिल्ली को सुरक्षित वापस लाने या उसके बारे में सही सूचना देने वाले को 10 हजार रुपये नकद इनाम के साथ कुछ खास उपहार भी दिए जाएंगे। इनाम की घोषणा के बाद यह मामला इलाके में खूब चर्चा में है।
परिवार को उम्मीद है कि उनकी प्रिय बिल्ली जल्द ही सुरक्षित रूप से वापस मिल जाएगी।