जागृत भारत | देवरिया(Deoria): देवरिया के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित पुरवा मोहल्ले में सोमवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से पहले महिला का अपने पति से मोबाइल फोन पर विवाद हुआ था।
मृतका की पहचान नंदनी (पत्नी जितेंद्र पासवान) के रूप में हुई है। वह गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बांकी गांव की निवासी थीं। बताया जा रहा है कि नंदनी और उनके पति जितेंद्र के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। दोनों दिल्ली में मजदूरी करते थे, जहां उनके रिश्तों में और तनाव बढ़ गया था।
कुछ समय पहले जितेंद्र अपनी पत्नी नंदनी और पांच वर्षीय बेटे को देवरिया के पुरवा मोहल्ले में किराए के मकान में छोड़कर काम के सिलसिले में दिल्ली चले गए थे। सोमवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर मोबाइल पर कहासुनी हुई, जिसके बाद नंदनी ने कमरे के अंदर जाकर पंखे की कुंडी में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली।
देवरिया : तीन साल की बेटी को रोता छोड़ प्रेमी संग भागी महिला, सऊदी से लौटे पति के पैरों तले खिसकी जमीन
घटना के वक्त उनका पांच वर्षीय बेटा गूगू कमरे के बाहर खेल रहा था और उसे घटना की कोई जानकारी नहीं थी। काफी देर तक कमरे का दरवाजा बंद रहने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने इसकी सूचना मकान मालिक को दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। अंदर नंदनी का शव पंखे की कुंडी से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी मिलने पर मृतका के मायके पक्ष को भी सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन देवरिया पहुंचे। सदर कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
यूपी निर्यातकों को बड़ी राहत: उत्पाद प्रचार पर ₹1 लाख, विदेश में सैंपल भेजने पर ₹2 लाख देगी योगी सरकार
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































