जागृत भारत | देवरिया जिले में प्रेम विवाह के महज चार माह बाद एक डीएलएड छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पिता बेटी का शव देखकर फफक पड़े। घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गौरीबाजार उपनगर की रहने वाली छात्रा गोरखपुर से डीएलएड की पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसका संपर्क इंटरनेट के माध्यम से इंदौर निवासी एक युवक से हुआ। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हो गए। बताया जा रहा है कि पढ़ाई के बहाने छात्रा घर से निकली और प्रेमी के साथ चली गई।
युवती के अचानक लापता होने पर परिजनों ने गौरीबाजार थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अक्टूबर माह में युवती को इंदौर से बरामद किया। न्यायालय में बयान के दौरान युवती ने खुद को बालिग बताते हुए युवक से विवाह करने की बात कही। अदालत की अनुमति के बाद वह अपने पति के साथ रहने चली गई, जिसके बाद परिजनों ने उससे दूरी बना ली।
लेखपाल भर्ती में आरक्षण गड़बड़ी पर सख्त हुए CM योगी, चेताया – नियमों से खिलवाड़ नहीं चलेगा, तुरंत सुधार के आदेश
करीब एक सप्ताह पहले युवती अपनी बहन के घर रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव आई थी। परिजनों के मुताबिक, वह सामान्य स्थिति में थी, लेकिन अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर बहन और बहनोई उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पिता बेटी का शव देखते ही भावुक हो गए और रो पड़े। इस दर्दनाक घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि मृतका का पति अभी तक इंदौर से नहीं पहुंच सका है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
डीएम ने नाली निर्माण में सहयोग पर नागरिकों को किया सम्मानित, देवरिया में स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने वालों की सराहना
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































